क्राइम

'आप' नेता लकी ओबरॉय की हत्या मामले में एक गिरफ्तार, गैंगस्टर जोगराज ने ली जिम्मेदारी; कॉलेज की दुश्मनी तो नहीं...

पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबरॉय की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी शामिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। गैंगस्टर जोगराज सिंह उर्फ ​​जोगा फोलरीवाल ने हत्या की जिम्मेदारी है।

AAP leader murder case Amritsar

'आप' नेता लकी ओबरॉय की हत्या मामले में एक गिरफ्तार (फोटो-PTI)

अमृतसर : पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबरॉय की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान शामिंदर सिंह मीठापुर जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस उप महानिरीक्षक (सीमा रेंज) संदीप गोयल ने बताया कि उसके पास से 30 बोर की पिस्तौल बरामद की गई है। आरोपी का आपराधिक इतिहास है। फिलहाल, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

गुरुद्वारे के बाहर ओबेरॉय को मारी थी गोली

पुलिस ने बताया कि ओबेरॉय (43) को शुक्रवार तड़के करीब 7:30 बजे जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में एक गुरुद्वारे के बाहर अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी, जब वह गुरुद्वारे से बाहर निकले ही थे। मामले के कई पहलुओं की जांच की जा रही है और पुलिस को ओबेरॉय के लापता नौकर की संलिप्तता का भी संदेह है। अपराध में इस्तेमाल किया गया एक दोपहिया वाहन और सीसीटीवी फुटेज में दिखी हुंडई क्रेटा कार पुलिस की जांच के दायरे में हैं।

विदेशी गैंगस्टर हत्या में शामिल

ओबेरॉय की दिनदहाड़े हत्या के मामले में दो नामजद आरोपियों, जिनमें एक विदेश में रहने वाला गैंगस्टर भी शामिल है, और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस को संदेह है कि इस घटना के पीछे व्यक्तिगत दुश्मनी हो सकती है।

गैंगस्टर जोगराज सिंह उर्फ जोगा फोलरीवाल ने ली हत्या की जिम्मेदारी

पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर जालंधर कमिश्नरेट के डिवीजन 6 पुलिस स्टेशन में गैंगस्टर जोगराज सिंह उर्फ जोगा फोलरीवाल, जिसने एक अपुष्ट सोशल मीडिया पोस्ट में हत्या की जिम्मेदारी ली है, दलबीरा और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पोस्ट में ओबेरॉय पर कई आरोप लगाए गए हैं और दावा किया गया है कि कॉलेज के अध्यक्ष पद को लेकर हुए विवाद में व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते उनकी हत्या की गई। शनिवार को एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जोगा फोलरीवाल, दलबीरा और दो अन्य लोगों के खिलाफ ओबेरॉय की हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जालंधर जिले के फोलरीवाल निवासी जोगा फोलरीवाल विदेश में रह रहे हैं। ओबेरॉय और जोगा फोलरीवाल पहले दोस्त थे। सूत्रों के अनुसार, एक फेसबुक पोस्ट में दोनों केक साझा करते हुए नजर आ रहे हैं।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article