IPL 2020: चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स में हरभजन सिंह की जगह ले सकते हैं ये तीन खिलाड़ी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 5, 2020, 11:59 AM IST

Harbhajan Singh replacement: चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स को इस साल आईपीएल में अपने अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह की सेवाएं नहीं मिल सकेंगी। फ्रेंचाइजी के सामने अब उनके विकल्‍प के खोज की सबसे बड़ी चुनौती है।

IPL 2020: चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स में हरभजन सिंह की जगह ले सकते हैं ये तीन खिलाड़ी

नई दिल्‍ली: अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने निजी कारणों का हवाला देकर आईपीएल 2020 से अपना नाम वापस ले लिया है। हरभजन सिंह लीग की शुरूआत के बाद पहली बार किसी सीजन से बाहर रहेंगे। सीएसके के प्रमुख ऑफ स्पिनर ने यूएई में शुक्रवार नहीं जाने का फैसला किया और लीग का हिस्‍सा नहीं बनने की घोषणा की। हरभजन सिंह ने यह घोषणा सीएसके कैंप में 13 सदस्‍यों के कोविड-19 पॉजिटिव निकलने के एक सप्‍ताह बाद की। वह इस लीग से बाहर होने वाले चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के दूसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले सुरेश रैना निजी कारणों का हवाला देकर टी20 लीग से अपना नाम वापस ले चुके हैं।

चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती हरभजन सिंह का विकल्‍प खोजने की है। चलिए इन तीन खिलाड़‍ियों पर नजर डालते हैं, जो भज्‍जी की जगह भर सकते हैं।

मनोज तिवारी - बंगाल के अनुभवी हरभजन सिंह का परफेक्‍ट विकल्‍प तो नहीं होंगे, लेकिन उनकी ऑलराउंड शैली को देखते हुए टीम को फायदा हो सकता है। मनोज तिवारी बेहतर बल्‍लेबाज तो हैं ही, साथ ही साथ उनका गेंदबाजी एक्‍शन केदार जाधव के जैसा है। तिवारी को एमएस धोनी की कप्‍तानी में खेलने का काफी अनुभव है और उन्‍होंने 98 आईपीएल मैच भी खेले हैं। उल्‍लेखनीय है कि तिवारी ने एक ट्वीट पर जवाब भी दिया, जिसमें हरभजन सिंह के बाहर होने पर उन्‍होंने वापसी के संकेत दिए। बता दें कि मनोज तिवारी आईपीएल 2019 और 2020 नीलामी में बिके नहीं थे।

हर्ष त्‍यागी - बाएं हाथ के रेलवे के स्पिनर की पिछले कुछ सालों से आईपीएल में हिस्‍सा बनने की उम्‍मीदें थी, लेकिन उन्‍हें अब तक मौका नहीं मिला है। हालांकि, वह चर्चा का केंद्र बने हुए हैं और एक फ्रेंचाइजी के नेट गेंदबाज के रूप में यूएई भी गए हैं। अगर सीएसके ने चाहा तो हर्ष त्‍यागी अनुभवी हरभजन सिंह का अच्‍छा विकल्‍प साबित हो सकते हैं। हर्ष ने 2018 में अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में छह विकेट चटकाए थे।

जलज सक्‍सेना - इनका नाम कई लोगों को हैरान कर सकता है, लेकिन सक्‍सेना अनुभवी खिलाड़ी हैं और पिछले पांच सालों से अपने सर्वश्रेष्‍ठ फॉर्म में हैं। पिछले पांच सत्रों में चार बार लाला अमरनाथ अवॉर्ड जीतने वाले सक्‍सेना ने 2015/16 सीजन के बाद से केरल और मध्‍य प्रदेश के लिए 2354 रन बनाए हैं। भारत ए के खिलाड़ी ने अब तक 54 टी20 मैच खेले, जिसमें 633 रन और 49 विकेट चटकाए। जलज ने ज्‍यादा टी20 क्रिकेट नहीं खेली, लेकिन उनके पास 123 प्रथम श्रेणी मैचों का अनुभव है। सक्‍सेना पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, मुंबई इंडियंस और दिल्‍ली कैपिटल्‍स का हिस्‍सा रह चुके हैं। उन्‍हें आईपीएल में मैच खेलने को नहीं मिला, लेकिन चैंपियंस लीग में मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्‍व किया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!