MI vs PBKS, IPL 2021, Match-17: मुंबई और पंजाब को जीत की तलाश, जानें दोनों की ताकत और कमजोरी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 23, 2021, 01:00 PM IST

MI vs PBKS, IPL 2021: रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई की टीम ने बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण दिल्ली कैपिटल्स के​ खिलाफ पिछला मैच गंवा दिया था। वह उस हार को भुलाकर वापसी करना चाहेगी।

MI vs PBKS, IPL 2021, Match-17: मुंबई और पंजाब को जीत की तलाश, जानें दोनों की ताकत और कमजोरी

चेन्नई: मुंबई इंडियंस अपने प्रदर्शन में निरंतरता हासिल करने के लिए बल्लेबाजी विभाग में सुधार करने के उद्देश्य से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शुक्रवार को यहां पंजाब किंग्स का सामना करेगा, जिसकी टीम जीत की राह पर लौटने के लिए संघर्ष कर रही है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई की टीम ने बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण दिल्ली कैपिटल्स के​ खिलाफ पिछला मैच गंवा दिया था। वह उस हार को भुलाकर वापसी करना चाहेगी। कप्तान ने स्वयं अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन अन्य बल्लेबाज नहीं चल पाए। मध्यक्रम का नहीं चल पाना टीम के लिये सबसे बड़ी चिंता है।

मुंबई के गेंदबाज अमूमन अच्छा प्रदर्शन करके टीम को जीत दिलाते रहे है, लेकिन दिल्ली के खिलाफ वे ऐसा नहीं कर पाये। वे बल्लेबाजों से बड़े स्कोर की उम्मीद कर रहे हैं, जिससे कि उनका काम आसान हो जाए। रोहित दिल्ली के खिलाफ अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन 2020 के सफल अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन मैच विजेता योगदान नहीं दे पा रहे हैं, जिससे मुंबई को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा किरोन पोलार्ड और पांड्या बंधु हार्दिक और क्रुणाल भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।

पंजाब को जीत की तलाश

इस साल आईपीएल में अभी शुरुआती दौर चल रहा है, लेकिन मुंबई इंडियंस चाहेगा कि उसके खिलाड़ी पंजाब के खिलाफ फॉर्म हासिल करें। पंजाब ने जीत से शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद से उसकी टीम जूझती रही है। बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वह 120 रन ही बना पाई। केएल राहुल की अगुवाई वाली टीम अभी तक अदद संयोजन स्थापित करने में नाकाम रही है।

पंजाब की बल्लेबाजी मजबूत है, लेकिन राहुल और मयंक अग्रवाल को छोड़कर कोई अन्य बल्लेबाज नहीं चल पा रहा है। उसके गेंदबाज भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल का बल्ला कुंद पड़ रखा है जबकि वेस्टइंडीज के उनके साथी निकोलस पूरन भी नहीं चल पा रहे हैं।

लगातार तीन हार से पंजाब का मनोबल निश्चित तौर पर गिरा होगा। टीम को अब तुरंत ही इससे उबरना होगा नहीं तो प्लेआफ की उम्मीदें धूमिल पड़ती जाएगी। राहुल ने अब तक चार मैचों में दो अर्धशतक लगाये हैं लेकिन उन्हें दूसरे छोर से मदद नहीं मिल रही है। उनकी कप्तानी खिलाड़ि​यों को प्रेरित नहीं कर पा रही है तथा टीम चयन में उनकी अनुभवहीनता टीम को भारी पड़ रही है।

दीपक हुड्डा ने अपनी ऑलराउंड क्षमता दिखाई है लेकिन उन्हें अपने प्रदर्शन में निरंतरता लाने की जरूरत है। ऑस्ट्रेलिया के झाय रिचर्डसन और राइली मेरिडिथ ने भी टीम को निराश किया है। पंजाब अब मुरूगन अश्विन की जग​ह रवि बिश्नोई को अंतिम एकादश में रख सकता है।

टीमें इस प्रकार हैं :

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), एडम मिलने, आदित्य तारे, अनमोलप्रीत सिंह, अनुकूल रॉय, अर्जुन तेंदुलकर, क्रिस लिन, धवल कुलकर्णी, हार्दिक पांड्या, ईशान किशन, जेम्स नीशाम, जसप्रीत बुमराह, जयंत यादव, किरोन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, मार्कोन जेनसन, मोहसिन खान, नाथन कूल्टर नाइल, पीयूष चावला, क्विंटन ​डी कॉक, राहुल चाहर, सौरभ तिवारी, सूर्यकुमार यादव, ट्रेंट बोल्ट, यशवीर सिंह।

पंजाब किंग्स: केएल राहुल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, क्रिस गेल, मंदीप सिंह, प्रबसिमरन सिंह, निकोलस पूरन, सरफराज खान, दीपक हुड्डा, मुरुगन अश्विन, रवि बिश्नोई, हरप्रीत बराड़, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, इशान पोरेल, दर्शन नालकंडे, क्रिस जॉर्डन, डेविड मलान, झाय रिचर्डसन, शाहरुख खान, राइली मेरिडिथ, मोइसेस हेनरिक्स, जलज सक्सेना, उत्कर्ष सिंह, फेबियन एलेन, सौरभ कुमार।

मैच शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!