IPL 2020 Prize Money: जानिए आईपीएल विनर को कितनी मिलेगी ईनामी राशि, उपविजेता के खाते में आएंगे कितने रुपए

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 10, 2020, 09:29 PM IST

IPL Prize money: मुंबई इंडियंस और दिल्‍ली कैपिटल्‍स के बीच आईपीएल 2020 का फाइनल मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्‍टेडियम पर खेला जा रहा है। जानिए विजेता और उपविजेता टीम को कितनी ईनामी राशि मिलेगी।

IPL 2020 Prize Money: जानिए आईपीएल विनर को कितनी मिलेगी ईनामी राशि, उपविजेता के खाते में आएंगे कितने रुपए

दुबई: गत विजेता मुंबई इंडियंस और दिल्‍ली कैपिटल्‍स के बीच आईपीएल 2020 का खिताबी मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्‍टेडियम पर खेला जा रहा है। दिल्‍ली कैपिटल्‍स के कप्‍तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया। पहली बार आईपीएल फाइनल में पहुंची दिल्‍ली ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 156 रन बनाए।  मुंबई की कमान रोहित शर्मा के हाथों में है जबकि दिल्ली की अगुवाई श्रेयस अय्यर कर रहे हैं। मुंबई पांचवीं बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरी है। 

रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस अपना छठा फाइनल खेल रही है। वहीं दिल्‍ली कैपिटल्‍स पहली बार फाइनल में पहुंची है। इस साल कोरोना वायरस महामारी के कारण आईपीएल का आयोजन संयुक्‍त अरब अमीरात (यूएई) में हुआ था। कई मशक्‍कतों के बीच भी बीससीआई दुनिया की सबसे अमीर टी20 लीग का सफल आयोजन कराने में सफल रहा।

टॉप-4 टीम को मिली इतनी ईनामी राशि

फैंस में यह जानने की बेकरारी है कि आखिर इस बार चैंपियन और अन्‍य टीमों को कितनी ईमानी राशि मिली है। बता दें कि इस साल बीसीसीआई ने फाइनलिस्‍ट में पहुंचने वाली टीमों की ईनामी राशि 50 प्रतिशत तक घटा दी है। इसका कारण कोरोना वायरस महामारी है। पिछले साल विजेता टीम के लिए पर्स 32.5 करोड़ रुपए का था। वहीं इस साल यह 25 करोड़ रुपए का रखा गया है।

इस बार आईपीएल खिताब जीतने वाली टीम को 10 करोड़ रुपए की ईनामी राशि मिलेगी। रनर-अप को 6.5 करोड़ रुपए मिलेंगे। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) क्रमश: तीसरे और चौथे स्‍थान पर रहे। प्‍लेऑफ में पहुंचने के कारण इन दोनों टीमों को 4.375 करोड़ रुपए मिले हैं।

आईपीएल 2020 प्राइज मनी का विवरण

विजेता - 10 करोड़ रुपए
उप-विजेता - 6.5 करोड़ रुपए
तीसरा स्‍थान - 4.375 करोड़ रुपए
चौथा स्‍थान - 4.375 करोड़ रुपए


बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद ने टूर्नामेंट के दूसरे हाफ में शानदार प्रदर्शन किया। एलिमिनेटर में डेविड वॉर्नर के नेतृत्‍व वाली हैदराबाद ने विराट कोहली की आरसीबी को मात दी थी। हालांकि, दूसरे क्‍वालीफायर में वह दिल्‍ली कैपिटल्‍स से पार नहीं पा सकी और तीसरे स्‍थान पर रहते हुए टूर्नामेंट का समापन किया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!