रोहित शर्मा को लेकर गौतम गंभीर ने दिया बड़ा बयान, बोले- 'हिटमैन' को सौंपी जाए भारतीय टी20 टीम की कमान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 11, 2020, 05:56 PM IST

Gautam Gambhir on Rohit Sharma: पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि 'हिटमैन' को भारतीय टी20 टीम की कमान सौंपी जानी चाहिए।

रोहित शर्मा को लेकर गौतम गंभीर ने दिया बड़ा बयान, बोले- 'हिटमैन' को सौंपी जाए भारतीय टी20 टीम की कमान
Photo Credit: Twitter

रोहित शर्मा की अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को आईपीएल 2020 का खिताब अपने नाम कर लिया। मुंबई ने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से शिकस्त दी। मुंबई टूर्नामेंट में पांचवीं बार चैंपियन बनी है। यह कारानामा अंजाम देने वाली मुंबई इकलौती टीम है। साथ ही रोहित आईपीएल के सबसे सफल कप्तान हैं। रोहित की नेतृत्व क्षमता की क्रिकेट विशेषज्ञ से लेकर पूर्व दिग्गज क्रिकेटर तक तारीफ कर रहे हैं। कइयों का मानना है कि रोहित को भारतीय की टी20 टीम का कप्तान दिया जाना चाहिए। वहीं, पूर्व ओपनर गौतम गंभीर ने तो यहां तक मांग कर डाली है कि अगर रोहित को टी20 कप्तान नहीं बनाया गया तो यह शर्मनाक होगा और इससे भारतीय क्रिकेट का ही नुकसान है।

'कप्तान को परखने का पैमाना क्या है'

गौतम गंभीर ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के ‘टी20 टाइम आउट’ कार्यक्रम में कहा, 'अगर रोहित शर्मा भारतीय कप्तान नहीं बनते तो यह उनका (टीम इंडिया) नुकसान है, रोहित का नहीं।' उन्होंने कहा, 'हां, कप्तान उतना ही अच्छा होता है जितनी अच्छी उसकी टीम होती है और मैं इससे पूरी तरह सहमत हूं लेकिन कप्तान को परखने का पैमाना क्या है कि कौन अच्छा है और कौन नहीं? पैमाना और मापदंड समान होने चाहिए।' उन्होंने कहा, 'रोहित की अगुआई में उनकी टीम (मुंबई इंडियन्स) ने पांच आईपीएल खिताब जीते हैं। वह टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे सफल कप्तान हैं। भविष्य में अगर उन्हें भारत की सीमित ओवरों या टी20 टीम की कप्तानी नहीं मिलती तो यह शर्मनाक होगा।'

'रोहित जानते हैं टी20 मैच कैसे जीतें'

गंभीर के अलावा इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी रोहित को भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनाए जाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भारतीय सलामी बल्लेबाज को भारत की टी20 टीम का कप्तान बनना चाहिए। वॉन ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'बिना किसी सवाल के रोहित शर्मा को भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनना चाहिए। वह एक शानदार कप्तान हैं। वह अच्छे से जानते हैं कि टी20 मैच कैसे जीते जाते हैं। इससे विराट कोहली को बतौर खिलाड़ी खुलकर खेलने का मौका मिलेगा। रोहित भारत में टी20 फॉर्मेट का सर्वश्रेष्ठ कप्तान है। आप देखेंगे कि दुनिया के कई देशों में खिलाड़ी अलग-अलग फॉर्मेट की कप्तानी करते हैं।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!