किंग्‍स इलेवन पंजाब के लिए खुशखबरी, मैदान पर हुंकार भरने को तैयार है 'यूनिवर्स बॉस'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 13, 2020, 05:16 PM IST

Chris Gayle: किंग्‍स इलेवन पंजाब के हेड कोच अनिल कुंबले ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के बाद खुलासा किया था कि क्रिस गेल फूड पोइजनिंग से जूझ रहे हैं। अब 41 साल के गेल फिट हो चुके हैं।

किंग्‍स इलेवन पंजाब के लिए खुशखबरी, मैदान पर हुंकार भरने को तैयार है 'यूनिवर्स बॉस'

दुबई: किंग्‍स इलेवन पंजाब के अनुभवी बल्‍लेबाज क्रिस गेल मौजूदा आईपीएल में गुरुवार को अपना पहला मैच खेलते हुए नजर आ सकते हैं। क्रिस गेल को फूड पोइजनिंग था, जिससे वह उबर चुके हैं। किंग्‍स इलेवन पंजाब के हेड कोच अनिल कुंबले ने बताया था कि पिछले सप्‍ताह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ क्रिस गेल फूड पोइ‍जनिंग से जूझने के कारण नहीं खेले थे। 41 साल के विस्‍फोटक ओपनर इसी के चलते कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच भी नहीं खेल सके।

'यूनिवर्स बॉस' के नाम से मशहूर क्रिस गेल ने अस्‍पताल से अपना एक फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसके साथ ही गेल ने कैप्‍शन लिखा था, 'मैं आपको ये कह सकता हूं। मैं कभी बिना लड़ाई किए हार नहीं मानूंगा। मैं यूनिवर्स बॉस हूं जो कभी नहीं बदलेगा। आप मुझसे सीख सकते हैं, लेकिन इसका मतलब हर चीज नहीं जो आप फॉलो करते हैं। मेरी स्‍टाइल और अन्‍य चीजों को न भूलना। मेरी चिंता करने के लिए धन्‍यवाद।'

ऐसे बताई गेल की वापसी

किंग्‍स इलेवन पंजाब ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिये क्रिस गेल की वापसी की जानकारी दी। पंजाब ने क्रिस गेल का नेट्स पर शॉट खेलते हुए फोटो पोस्‍ट किया और कैप्‍शन लिखा, 'पहचानें कौन लौटा है?'

किंग्‍स इलेवन पंजाब के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, 'क्रिस गेल अब ठीक है और उम्‍मीद है कि गुरुवार को आरसीबी के खिलाफ होने वाले मैच में वह खेलेंगे।' यह मुकाबला शारजाह में होगा जहां मैदान छोटा है। ऐसे में क्रिस गेल से टीम को बड़ी पारी की उम्‍मीद होगी। बता दें कि केएल राहुल और मयंक अग्रवाल ने शीर्षक्रम में बेहतर प्रदर्शन किया, जिसकी वजह से क्रिस गेल बेंच पर बैठे रहे।

हालांकि, किंग्‍स इलेवन पंजाब की स्थिति बेहद नाजुक है। उसने सात में से छह मैच गंवाए हैं और अब उसे प्‍लेऑफ में पहुंचने के लिए किसी करिश्‍में की जरूरत है। किंग्‍स इलेवन पंजाब की टीम आईपीएल 2020 की अंक तालिका में आखिरी स्‍थान पर है। केएल राहुल के नेतृत्‍व वाली पंजाब को कुछ बड़ा धमाका करते हुए जीत की पटरी पर लौटना होगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!