IPL 2022 Final: गुजरात टाइटंस ने जीता आईपीएल खिताब, हेड कोच आशीष नेहरा ने बना दिया नायाब रिकॉर्ड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 30, 2022, 02:12 PM IST

Ashish Nehra win IPL as coach and player: आशीष नेहरा उन क्रिकेटर्स की चुनिंदा लिस्‍ट में शामिल हो गए हैं, जिन्‍होंने खिलाड़ी और हेड कोच के रूप में आईपीएल ट्रॉफी जीती है। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने गुजरात टाइटंस को अपनी कोचिंग में खिताब दिलाया।

IPL 2022 Final: गुजरात टाइटंस ने जीता आईपीएल खिताब, हेड कोच आशीष नेहरा ने बना दिया नायाब रिकॉर्ड

अहमदाबाद: टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने रविवार को इतिहास रच दिया। नेहरा हेड कोच के रूप में आईपीएल खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। नेहरा ने अपने मार्गदर्शन में गुजरात टाइटंस को राजस्‍थान रॉयल्‍स पर सात विकेट की जीत दिलाई। उल्‍लेखनीय है कि ठीक 6 साल पहले 29 मई को आशीष नेहरा ने बतौर खिलाड़ी भी अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। नेहरा तब सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्‍सा थे, जिसने डेविड वॉर्नर के नेतृत्‍व में खिताब जीता था।

आशीष नेहरा उन चुनिंदा क्रिकेटरों की लिस्‍ट में जुड़ गए हैं, जिन्‍होंने खिलाड़ी और कोच दोनों के रूप में आईपीएल खिताब जीते। इससे पहले रिकी पोंटिंग और शेन वॉर्न ही ऐसे खिलाड़ी रहे, जिन्‍होंने खिलाड़ी और हेड कोच दोनों के रूप में आईपीएल खिताब जीते। रविवार को फाइनल से पहले कोई भारतीय हेड कोच आईपीएल ट्रॉफी नहीं जीत सका था।

नेहरा-कर्स्‍टन की जोड़ी ने किया कमाल

आशीष नेहरा ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाई थी जबकि गैरी कर्स्‍टन तब हेड कोच थे। हालांकि, 2019 सीजन के बाद दोनों को बर्खास्‍त कर दिया गया था। नेहरा और कर्स्‍टन फिर गुजरात टाइटंस में एकजुट हुए। इस बार हेड कोच नेहरा थे जबकि कर्स्‍टन मेंटर के रूप में काम कर रहे थे। गुजरात टाइटंस की जीत के बाद मेंटर कर्स्‍टन ने कहा कि उन्‍हें नेहरा के साथ काम करके मजा आया। 

गैरी कर्स्‍टन ने कहा, 'आप कभी कोच के रूप में सीखना बंद नहीं करते हैं। प्रत्‍येक आईपीएल एक सीखने वाला अनुभव है, जिसका मैं आनंद उठाता हूं। मुझे आशीष नेहरा के साथ काम करके मजा आया। वो रणनीतिक रूप से काफी मजबूत हैं। एकजुट होकर एक गेम प्‍लान तैयार करना आसान नहीं। प्रत्‍येक मैच में कई विभिन्‍न चीजें होती हैं, लेकिन मैंने सबसे ज्‍यादा आनंद इस बात का उठाया कि खिलाड़‍ियों ने जिम्‍मेदारी उठाकर हमें मैच जिताकर दिए।'

पता हो कि गुजरात टाइटंस इसी साल आईपीएल से जुड़ी थी। हार्दिक पांड्या के नेतृत्‍व वाली गुजरात की टीम लीग चरण में पहले स्‍थान पर रहते हुए प्‍लेऑफ में पहुंची थी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!