IndiavsAustralia: टीम इंडिया ने दिखाया '10 का दम', ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में बनाई 2-0 की अजेय बढ़त
India vs Australia 2nd T20I: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार को दूसरे टी20 मैच खेला गया। भारत ने यह मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें तीन टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में भिड़ीं। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 195 रन का बड़ा लक्ष्य रखा था। भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19.4 ओवर में मैच जीत लिया। भारतीय टीम ने इस जीत के साथ सीरीज में 2-0 की अजये बढ़त बना ली है। भारत ने पहले टी20 में ऑस्ट्रेलिया को 11 रन से शिकस्त दी थी। बता दें कि टीम इंडिया की टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में यह लगातार 10वीं जीत है।
भारत ने 6 विकेट से जीता मुकाबला
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय भी जीत लिया है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) खेले गए मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 195 रन का बड़ा लक्ष्य दिया था। जवाब में भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी की और 19.4 ओवर 4 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। भारत लिए सर्वाधिक रन शिखर धवन (52) ने बनाए लेकिन मैच के हीरो हार्दिक पांड्या रहे। उन्होंने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के बाद मुश्किल वक्त में बेहतरीन पारी खेली और टीम को जिताकर लौटे। उन्होंने 22 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत नाबाद 42 रन बनाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, श्रेयस अय्यर 5 गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। उन्होंने 1 चौका और 1 छक्का मारा। इनके अलावा विराट कोहली (30), केएल राहुल (30) और संजू सैमसन ने 15 रन बनाए।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 195 रन बनाए। ऑस्टेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन मैथ्य वेड (58) ने बनाए। उनके अलावा स्टीव स्मिथ (46), मोइजेज हेनरिक्स (26), ग्लेन मैक्सवेल (22), मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 16) और डेनियल सैम्स (नाबाद 8) और डी आर्सी शॉर्ट ने 9 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से टीन नटराजन ने दो, शार्दुल ठाकर और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट हासिल किया। वहीं ऑस्ट्रेलिया का एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
भारत को आखिरी 3 ओवर में 37 रन चाहिए थे
विराट कोहली के आउट होने के बाद भारत का सारा दारोमदार हार्दिक पांड्या और श्रेयस अय्यर पर था। भारत को आखिर 3 ओवर में जीत के लिए 37 रन की दरकार थी और दोनों बल्लेबाजों ने जबरदस्त जीवटता दिखाई। पांड्या और अय्यर ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का डटकर सामना करते हुए 19.4 ओवर में भारत की जीत की नय्या पारी लगा दी। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 46 रन की विजयी साझेदारी की।
फिफ्टी से चूके विराट कोहली
भारत का चौथा विकेट कप्तान विराट कोहली के तौर पर गिरा। तीसरे नंबर पर खेलने आए कोहली ने टिककर बल्लेबाजी की। हालांकि, वह फिफ्टी बनाने से चूक गए। उन्होंने 24 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 40 रन की पारी खेली। आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे कोहली को डेनियल सैम्स ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर आउट किया। उन्होंने बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ करने की कोशिश की और मैथ्यू हेड के कैच दे बैठे। सैम्स के अंतरराष्ट्रीय करियर का यह पहला विकेट है। 17 ओवर के बाद बारत का स्कोर 158/4 है।
नहीं चला संजू सैमसन का बल्ला
ऑस्ट्रेलिया को तीसरी सफलता संजू सैमसन के रूप में मिली। धवन के जाने पर खेलने उतरे सैमसन का बल्ला नहीं चला। उन्होंने सिर्फ 15 रन बनाकर अपना विकेट गंवा दिया। सैमसन को मिचेल स्वेपसन ने 14वें ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन भेजा। उन्होंने लॉन्ग-ऑफ पर स्टीव स्मिथ को कैच धमाया। उनका विकेट 120 के कुल स्कोर पर गिरा।
धवन को जाम्पा ने भेजा पवेलियन
भारत का दूसरा झटका शिखर धवन के रूप में लगा। धवन अर्धशतकीय पारी खेलकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 36 गेंदों में 52 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 4 चौके और 2 छक्का लगाए। उन्हें स्पिनर एडम जाम्पा ने 11.2 ओवर में अपना शिकार बनाया। धवन गेंद को उठाकर बाउंड्री के बाहर पहुंचाने के प्रयास में डीप स्क्वायर पर मिचेल स्वेपसन को कैच थमा बैठे। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए विराट कोहली के संग 39 रन की पार्टनरशिप की। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर 105/2 है।
शिखर धवन ने जमाया अर्धशतक
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अर्धशतक जमा दिया है। उन्होंने 11वें में जाकर अपना पचासा पूरा किया। उन्होंने 34 गेंदों में 4 चौकों और 2 छ्क्के के जरिए 50 रन बनाए। धवन के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियार का यह 11वां अर्धशतक है। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर 94/1 है।
8 ओवर में भारत ने बनाए 73
शिखर धवन (35*) और विराट कोहली (5*) क्रीज पर हैं। दोनों कंगारू गेंदबाजों के खिलाफ बेहद संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 10 ओवर का खेल पूरा हो गया है और भारतीय टीम 73/1 पर पहुंच गई है।
राहुल ने 30 रन बनाकर खोया विकेट
भारत का पहला विकेट केएल राहुल के तौर पर गिरा। अच्छी लय में नजर आ रहे राहुल ने 22 गेंदों में 30 रन की पारी खेली। उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का मारा। उन्हें छठे ओवर की दूसरी गेंद पर एंड्रयू टाय ने अपना शिकार बनाया। वह गलत शॉट खेलर डीप प्वाइंट पर मिचेल स्वेपसन के हाथों लपके गए। उन्होंने पहले विकेट के लिए शिखर धवन के साथ 56 रन की साझेदारी की। पावर प्ले के बाद भारत का स्कोर 60/1 है।
भारत का 5वें ओवर में पचासा पूरा
भारतीय टीम ने अपना पचासा बना लिया है। भारत ने 4.5 ओवर में अपने 50 रन पूरे किए। केएल राहुल (30*) और शिखर धवन (24*) ने शुरू में थोड़ी धीमी गति से रन बनाए और फिर जल्द रफ्तार पकड़ ली। दोनों ने जमकर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का सामना किया। 5 ओवर के बाद भारत का स्कोर 56/0 है।
भारत की सधी हुई शुरुआत
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सधी हुई शुरुआत की है। भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने 3 ओवर में 24 रन जुटा लिए हैं। इस दौरान मेहमान टीम को 2 रन अतिरिक्त मिले। केएल राहुल 16 और शिखर धवन 6 रन बनाकर खेल रहे हैं।
पारी का आगाज करने आए राहुल-धवन
भारत की ओर से पारी का आगाज करने केएल राहुल और शिखर धवन आए हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की तरफ से डेब्यूटेंट डेनिय सैम्स ने गेंदबाज की कमान संभाली। उन्होंने पहले ओवर में सधी हुई गेंदबाजी की और महज 5 रन दिए।
भारतीय टीम को मिला 195 रन का लक्ष्य
ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 195 रन का लक्ष्य दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 195 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। मेजबान टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन मैथ्य वेड (58) ने बनाए। उनके अलावा स्टीव स्मिथ (46), मोइजेज हेनरिक्स (26), ग्लेन मैक्सवेल (22) और डी आर्सी शॉर्ट ने 9 रन का योगदान दिया। वहीं, मार्कस स्टोइनिस 16 और डेनियल सैम्स 8 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए टीन नटराजन ने दो, शार्दुल ठाकर और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट झटका। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया का एक बल्लेबाज रन आउट होकर पवेलियन लौटा।
मोइजेज हेनरिक्स बने नटराजन का शिकार
ऑस्ट्रेलिया को पांचवां और आखिरी झटका मोइजेज हेनरिक्स के तौर पर लगा। हेनरिक्स ने 18 गेंदों में 26 रन बनाए। उन्होंने 1 छक्का जमाया। हेनरिक्स 19वें ओवर की तीसी गेंद पर टी नटराजन का शिकार बने। वह नटराजन की गेंद को पिच पर पड़ने के बाद समझ नहीं पाए और विकेट के पीछे केएल राहुल के हाथों लपके गए। उन्होंने चौथे विकेट के लिए स्मिथ के साथ 48 रन की अहम पार्टनरशिप की, जिसकी वजह से टीम बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही। उनका विकेट 171 के कुल स्कोर पर गिरा। हेनरिक्स के बाद क्रीज पर आए मार्कस स्टोइनिस (16*) और डेनियल सैम्स (8*) ने छठे विकेट के लिए 23 रन की अविजित साझेदारी की
फिफ्टी से चूके स्टीव स्मिथ
ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट स्टीव स्मिथ के रूप में गिरा। तीसरे नंबर पर खेलने आए आए स्मिथ ने टिककर बल्लेबाजी, लेकिन वह फिफ्टी जमाने से चूक गए। उन्होंने 37 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों के दमपर 46 रन की पारी खेली। वह 17.5 ओवर में स्पिनर युदवेंद्र चहल का शिकार बने। उन्होंने छक्के लगाने की कोशिश में लॉन्ग-ऑफ पर हार्दिक पांड्या के कैच दे दिया। 18 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का 169/4 है।
ऑस्ट्रेलिया ने पूरे किए 150 रन
ऑस्ट्रेलिया ने 150 रन पूरे कर लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 15.5 ओवर में यह रन बनाए। तीन विकेट गिरने के बाद स्टीव स्मिथ (37*) और मोइजेज हेनरिक्स (16*) क्रीज पर डटे हैं। दोनों तेजी से रन जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। 16 ओवर का खेल समाप्त हो चुका है और ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 151 रन है।
22 रन बनाकर आउट हुए मैक्सवेल
भारत को तीसरी सफलत ग्लेन मैक्सवेल के तौर पर मिली। मैथ्यू वेड के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए मैक्सवेल ने 13 गेंदों में 22 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 2 छक्के लगाए। उन्हें शार्दुल ठाकुर ने 13वें ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने बड़ा शॉट मारने की फिराक में बैकवर्ड प्वाइंट पर वॉशिंगटन सुंदर को कैच थमा दिया। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए स्मिथ के साथ 45 रन जोड़े। 13 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 123/3 है।
ऑस्ट्रेलिया ने बनाया अपना सैकड़ा
ऑस्ट्रेलिया ने अपना सैकड़ा बना लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने 11 ओवर में 100 रन पूरे किए। टीम को इस दौरान 6 रन अतिरिक्त के मिले। दो विकेट गिरने के बाद भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने रनों की रफ्तार थमने नहीं दी। स्टीव स्मिथ 13 और ग्लेन मैक्सवेल 15 रन बनाकर खेल रहे हैं।
मैथ्यू वेड ने खेली तूफानी अर्धशतकीय पारी
ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका मैथ्यू वेड के रूप में लगा। उन्होंने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। वेड ने 32 गेंदों में 10 चौकों और 1 छक्के की मदद से 58 रन बनाए। वह आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर रन आउट होकर पवेलियन लौटे। दरअसल, वेड ने वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर शॉट पर खेला और कवर पर मौजूदा विराट कोहली ने आसान कैच छोड़ दिया। इसके बाद वेड एक रन लेने के लिए अपने छोर से निकल पड़े। हालांकि, कोहली ने कैच टपकाने के बाद जबरदस्त मुस्तैदी दिखाई और गेंद को विकेटकीपर केएल राहुल की दिशा में फेंक दिया। राहुल ने थ्रो पकड़ते ही गिल्लियां बिखेर दीं और वेड विकेट गंवा बैठे। उनका विकेट 75 के कुल स्कोर पर गिरा।
मैथ्यू वेड ने जड़ा अर्धशतक
सलामी बल्लेबाज मैथ्यू वेड ने अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने 7वें ओवर में जाकर अपना पचासा पूरा किया। उन्होंने 25 गेंदों में ताबड़तोड़ 50 रन पूरे किए। उन्होंने इस दौरान 10 चौके और 1 छक्का लगाया।। वेड के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का यह दूसरा अर्धशतक है। 7 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 68/1 है।
ऑस्ट्रेलिया पावरप्ले में 50 के पार
ऑस्ट्रेलिया ने पावरप्ले में पचास का आंकड़ा पार कर लिया। मेजबान टीम को इस दौरान एक विकेट गंवाना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती 6 ओवर में 59 रन बनाए। डी मैथ्यू वेड (47*) और स्टीव स्मिथ (0*) क्रीज पर हैं।
सस्ते में आउट हुए डी आर्सी शॉर्ट
ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट डी आर्सी शॉर्ट के रूप में गिरा। सलामी बल्लेबाज शार्ट ने सस्ते में अपना विकेट गंवा दिया। उन्होंने 9 गेंदों में 1 चौके जरिए 9 रन बनाए। उन्हें तेज गेंदबाज टी नटराजन ने पाचवें ओवर की तीसरी गेंद पर डीप फॉर्वर्ड स्क्वायर पर श्रेयस अय्यर के हाथों लपकवाया। हालांकि, शॉर्ट ने मैथ्यू वेड का बखबूी साथ दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी की।
ऑस्ट्रेलिया ने 3 ओवर में बनाए 31 रन
ऑस्ट्रेलियाई ने अच्छा आगाज किया है। सलामी बल्लेबाज मैथ्यू वेड और डी आर्सी शॉर्ट ने 3 ओवर में 31 रन बना लिए हैं। शॉर्ट की तुलना में वेड भारतीय गेंदबाजों को ज्यादा खुलकर खेल रहे हैं। वेड 25 और शॉर्ट 3 रन के निजी स्कोर पर हैं। मेजबान टीम को 2 वाइड और 1 रन लेग बाइ का मिला।
चाहर ने संभाली गेंदबाजी की कमान
भारत की तरफ से गेंदबाजी की कमान एक बार फिर तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने संभाली। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से पारी की शुरुआत करने मैथ्यू वेड और डी आर्सी शॉर्ट आए हैं। चाहर ने पहले ओवर में 13 रन दिए। वेड ने 8 और शॉर्ट ने 4 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया को एक रन वाइड का मिला।
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने किए बदलाव
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय किया। भारत ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए। मेहमान टीम ने रवींद्र जडेजा, मनीष पांडे और मोहम्मद शमी के स्थान पर युजवेंद्र चहल, श्रेयर अय्यर और शार्दूल ठाकुर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी अंतिम एकादश में तीन बदलाव किए हैं। मेजबान टीम ने कप्तान आरोन फिंच, जोश हेजलवुड और मिशेल स्टार्क की जगह डेनियल सैम्स, मार्कस स्टोइनिस और एंड्रयू टाय को मौका दिया है। बता दें कि फिंच अनफिट होने की वजह से इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। वह फिंच पहले टी20 मैच के दौरान फील्डिंग करते वक्त चोटिल हो गए थे। उनके स्थान पर मैथ्यू वेड टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
भारत-ऑस्ट्रेलिया प्लेइंग इलेवन
भारत: विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चहर, टी.नटराजन और युजवेंद्र चहल।
ऑस्ट्रेलिया: मैथ्यू वेड (कप्तान), डी आर्सी शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, मोइजेज हेनरिक्स, डेनियल सेम्स, सीन एबॉट, मिचेल स्वेपसन, एडम जाम्पा और एंड्रयू टाय।
रवींद्र जडेजा को दिया गया आराम
ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा यह मैच नहीं खेल रहे हैं। उन्हें पहले मैच में चोटिल होने के कारण आराम दिया गया है। जडेजा ने पहले टी20में सातवें नंबर पर खेलते हुए शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 23 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए थे, जिससे भारतीय टीम अच्छे स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही थी।
भारतीय टीम का टी20 में दबदबा
भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में दबदबा है। दोनों टीमों के दरमियान अभी तक 22 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से भारत ने 12 मैच जीते और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 8 में बाजी मारी।। वहीं, एक मैच रद्द हो गया और एक मैच बेनतीजा रहा। भारत का ऑस्ट्रेलिया की सरजमीन पर भी रिकॉर्ड अच्छा है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया में 10 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें से उसने 6 में विजय हासिल की जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैच अपने नाम किए। इसके अलावा 1 मैच रद्द हो गया।

