IND vs SL, 2nd T20 Highlights: टीम इंडिया ने श्रीलंका को दूसरे टी20 में 7 विकेट से रौंदा, सीरीज पर किया कब्जा
IND vs SL 2nd T20, Match Highlights: भारत ने शनिवार को दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में श्रीलंका को 17 गेंदें शेष रहते सात विकेट से मात दी। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
IND vs SL 2nd T20 Match Highlights: प्लेयर ऑफ द मैच श्रेयस अय्यर (74*) और रवींद्र जडेजा (45*) की बेहतरीन पारियों की बदौलत भारत ने शनिवार को दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में श्रीलंका को 17 गेंदें शेष रहते सात विकेट से मात दी। धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रन बनाए। जवाब में भारत ने सिर्फ 17.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ ही भारत ने तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का तीसरा व अंतिम टी20 मैच रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा। भारत की यह लगातार 11वीं टी20 इंटरनेशनल जीत रही। भारत की घर में यह लगातार सातवीं टी20 सीरीज जीत रही।
भारत की पारी का हाल
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरूआत खराब रही। रोहित शर्मा (1) को पहले ही ओवर में दुष्मंथ चमीरा ने क्लीन बोल्ड कर दिया। इशान किशन (16) का बल्ला भी खामोश रहा और कुमार की गेंद पर वह शनाका को आसान कैच थमाकर डगआउट लौट गए। 44 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद भारत को श्रेयस अय्यर (74*) और संजू सैमसन (39) ने संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की।
संजू सैमसन ने कुमार के एक ओवर में तीन छक्के और एक बाउंड्री जमाई, लेकिन उसी ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए। कुमार की गेंद पर बिनारु फर्नांडो ने सैमसन का कैच पकड़ा। सैमसन ने 25 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 39 रन बनाए। यहां से रवींद्र जडेजा ने आते ही आक्रामक रवैया अपनाया और पहली ही गेंद पर चौका जमाया।
फिर अय्यर और जडेजा ने तेजी से 58 रन की मैच विजयी साझेदारी करके भारत को 17 गेंदों पहले जीत दिला दी। अय्यर ने 44 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 74 रन बनाए। वहीं जडेजा ने 18 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 45 रन बनाए। श्रीलंका की तरफ से लाहिरू कुमार ने दो जबकि दुष्मंथ चमीरा को एक विकेट मिला।
श्रीलंका की पारी का हाल
इससे पहले पाथुम निसांका (75) और कप्तान दासुन शनाका (47*) की धुआंधार पारियों की बदौलत श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रन बनाए। भारत द्वारा पहले बल्लेबाजी के आमंत्रण को स्वीकार करने वाली श्रीलंका की शुरूआत धीमी रही, लेकिन उसने विकेट नहीं गवाएं। निसांका और दनुष्का गुनाथिलाका (38) ने 67 रन की साझेदारी करके दमदार शुरूआत की।
रवींद्र जडेजा ने गुनाथिलाका को वेंकटेश अय्यर के हाथों कैच आउट कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। यहां से भारत की वापसी हुई और युजवेंद्र चहल ने चरित असलंका (2) को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। हर्षल पटेल ने कामिल मिशारा (1) को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच आउट कराकर श्रीलंका को तीसरा झटका दिया।
15वें ओवर में दिनेश चंडीमल (9) को बुमराह ने शॉर्ट कवर्स में रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट कराया। 15 ओवर में श्रीलंका का स्कोर 103/4 था। यहां से अगली 30 गेंदों में पाथुम निसांका और कप्तान दासुन शनाका ने पूरी पारी का नक्शा बदल दिया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की। भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर निसांका को एलबीडब्ल्यू आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा।
फिर दासुन शनाका ने हर्षल पटेल द्वारा किए पारी के आखिरी ओवर में 23 रन बटोरकर श्रीलंका को 183/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। दासुन शनाका ने केवल 19 गेंदों में दो चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 47 रन बनाए। श्रीलंका ने अंतिम 5 ओवर में 80 रन बनाए और केवल एक विकेट गंवाया। भारत की तरफ से भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, हर्षल पटेल, युजवेंद्र चहल और रवींद्र जडेजा को एक-एक सफलता मिली।
टॉस का बॉस
इससे पहले भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया जबकि श्रीलंका ने दो बदलाव किए हैं। श्रीलंका ने जेफ्रे वांडरसे और जानिय लियानागे की जगह बिनुरा फर्नांडो और दनुष्का गुनाथिलाका को शामिल किया है।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत की प्लेइंग 11 - रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, रवींद्र जडेजा, वेंकटेश अय्यर, दीपक हूडा, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल।
श्रीलंका की प्लेइंग 11 - पाथुम निसांका, कामिल मिशारा, चरित असलंका, दनुष्का गुनाथिलाका, दिनेश चंडीमल, दासुन शनाका (कप्तान), चमिका करुणारत्ने, दुष्मंथ चमीरा, प्रवीण जयविक्रमा, बिनुरा फर्नांडो और लाहिरू कुमार।
रवींद्र जडेजा ने खेला मैच विजयी शॉट
दुष्मंथ चमीरा ने श्रीलंका के लिए पारी का 18वां ओवर किया। पहली ही गेंद पर रवींद्र जडेजा ने मिड ऑफ की दिशा में चौका जमाकर भारत की जीत पर मुहर लगाई। भारत ने 17 गेंदें शेष रहते 7 विकेट से मुकाबला जीता और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की। सीरीज का तीसरा व अंतिम मैच रविवार को खेला जाएगा।
भारत ने 17.1 ओवर में तीन विकेट खोकर 184 रन का लक्ष्य हासिल किया। भारत ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की।
भारत जीत के करीब
बिनुरा फर्नांडो ने श्रीलंका के लिए पारी का 17वां ओवर डाला। भारतीय बल्लेबाजों ने शुरूआती तीन गेंदों में तीन सिंगल लिए। चौथी गेंद पर अय्यर बीट हुए। फिर पांचवीं गेंद पर उन्होंने शॉर्ट थर्डमैन की दिशा में चौका जमा दिया। अय्यर ने ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंद को दिशा दिखाई और बाउंड्री हासिल की। इस ओवर में 7 रन बने। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर 182/3। श्रेयस अय्यर 74* और रवींद्र जडेजा 41* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 182/3, 17 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
जडेजा का कैच टपकाया
दुष्मंथ चमीरा ने श्रीलंका के लिए पारी का 16वां ओवर किया । पहली ही गेंद पर जडेजा ने लांग ऑन की दिशा में शॉट खेलकर दो रन लिए। अगली गेंद पर जडेजा को जीवनदानमिला और यह छक्का भी रहा। लांग ऑफ के फील्डर ने हाथ का कैच टपकाया। फिर तीसरी गेंद पर जडेजा ने डीप स्क्वायर लेग की दिशा में चौका जमा दिया। चमीरा ने चौथी गेंद शॉर्ट डाली और जडेजा ने पुल शॉट के सहारे एक और बाउंड्री जमाई। इस समय जडेजा खूंखार अंदाज में पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। पांचवीं गेंद पर जडेजा ने थर्डमैन के पास से चौका जमा दिया। चमीरा ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ की गेंद डाली। जडेजा ने थर्डमैन के करीब से शानदार चौका जमा दिया। फिर चमीरा ने वाइड गेंद डाली। ऑफ स्टंप के काफी बाहर गेंद डाली। आखिरी गेंद पर कवर्स की दिशा में हवाई शॉट खेलकर एक रन लिया। इस ओवर में 23 रन बने। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 175/3। श्रेयस अय्यर 69* और रवींद्र जडेजा 39* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 175/3, 16 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
जडेजा के आकर्षक स्ट्रोक्स
बिनुरा फर्नांडो पारी का 15वां ओवर करने आए। पहली ही गेंद नो डाली, जिस पर जडेजा ने बाउंड्री जमा दी। फ्री हिट मिली तो जडेजा ने पूरा फायदा उठाया और बिनुरा के पास से करारा शॉट खेलकर बाउंड्री जमा दी। जडेजा और अय्यर ने भारत का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 152/3। श्रेयस अय्यर 69* और रवींद्र जडेजा 17* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 152/3, 15 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
अय्यर-जडेजा पर बड़ी जिम्मेदारी
चमिका करुणारत्ने ने श्रीलंका के लिए पारी का 14वां ओवर किया। पहली गेंद पर अय्यर ने एक रन लिया। फिर अगली ही गेंद पर जडेजा ने चौका जमा दिया। तीसरी गेंद पर जडेजा ने तेजी से एक रन लिया। इस ओवर में 8 रन बने। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर 136/3।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 136/3, 14 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
सैमसन एक ओवर में तीन छक्के जड़ने के बाद आउट
लाहिरू कुमार ने श्रीलंका के लिए पारी का 13वां ओवर डाला। पहली ही गेंद पर सैमसन ने पावरफुल चौका जमाया। दूसरी गेंद पर सैमसन ने 107 मीटर लंबा छक्का जमाया। ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ की गेंद को सैमसन ने गेंदबाज के सिर के ऊपर से स्टैंड्स में पहुंचाया। कुमार पर दबाव नजर आ रहा है। तीसरी गेंद ऑफ स्टंप के काफी बाहर। अंपायर ने वाइड का इशारा किया। कुमार को दोबारा गेंद डालनी होगी। तीसरी गेंद पर सैमसन ने एक और छक्का जमाया। कुमार के होश उड़े। इस बार सैमसन ने कवर बाउंड्री के ऊपर से शॉट खेलकर गेंद को स्टैंड्स में पहुंचाया। पांचवीं गेंद पर एक और छक्का। सैमसन ने मजे ला दिए हैं। ओवर में तीसरा छक्का जड़ दिया है। गेंदबाज के सिर के ऊपर से सैमसन ने शक्तिशाली छक्का जमाया। आखिरी गेंद पर कुमार ने सैमसन का कैच फर्नांडो के हाथों कराकर भारत को तीसरा झटका दिया। सैमसन ने 25 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 39 रन बनाए। इस ओवर में 23 रन बने और एक विकेट आया। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 128/3। श्रेयस अय्यर 64* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 128/3, 13 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
अय्यर के जोरदार प्रहार
दासुन शनाका ने पारी का 12वां ओवर किया। श्रेयस अय्यर ने दूसरी गेंद पर अपर कट के जरिये शानदार छक्का जमाया। इस ओवर में बाकी एक या दो रन बने। कुल मिलाकर इस ओवर में 14 रन बने। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर 105/2। श्रेयस अय्यर 63* और संजू सैमसन 17* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 105/2, 12 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
अय्यर का लगातार दूसरा अर्धशतक
चमिका करुणारत्ने ने श्रीलंका के लिए पारी का 11वां ओवर किया। पांचवीं गेंद पर अय्यर ने लांग ऑफ पर छक्का जमाया और लगातार दूसरा अर्धशतक जमाया। पिछली चार पारियों में अय्यर का यह तीसरा अर्धशतक रहा। इस ओवर में 11 रन बने। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर 91/2। श्रेयस अय्यर 54* और संजू सैमसन 16* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 91/2, 11 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
सैमसन ने जमाया अपनी पारी का पहला चौका
सैमसन ने शनाका का बाउंड्री के साथ किया स्वागत। श्रीलंकाई कप्तान ने पारी का 10वां ओवर करने की जिम्मेदारी उठाई। पहली ही गेंद पर सैमसन ने क्लासिक अंदाज में स्क्वायर लेग के पास से चौका जमा दिया। अगली ही गेंद पर मिडविकेट की दिशा में शॉट खेलकर सैमसन ने दो रन लिए। इसके बाद शनाका की हर गेंद पर सिंगल बना। इस ओवर में 10 रन बने। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 80/2। श्रेयस अय्यर 45* और संजू सैमसन 14* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 80/2, 10 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
अय्यर की पावर हिटिंग
जयविक्रमा ने श्रीलंका के लिए पारी का 9वां ओवर किया। श्रेयस अय्यर ने पहली गेंद पर सम्मान दिया और फिर अगली दो गेंदों पर लगातार दो छक्के जमा दिए। पहला छक्का गेंदबाज के सिर के ऊपर से 93 मीटर दूरी का जमाया। फिर दूसरा छक्का लांग ऑन के ऊपर से जड़ा। इस ओवर में 14 रन बने। 9 ओवर के बाद भारत का स्कोर 70/2। संजू सैमसन 6* और श्रेयस अय्यर 43* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 70/2, 9 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
ओवर से आए 5 रन
चमिका करुणारत्ने ने श्रीलंका के लिए पारी का 8वां ओवर किया। भारतीय बल्लेबाज एक भी बाउंड्री निकालने में कामयाब नहीं हो पाए हैं। इस ओवर में बल्लेबाजों ने तीन सिंगल और एक डबल लिए। 8 ओवर के बाद भारत का स्कोर 56/2। संजू सैमसन 5* और श्रेयस अय्यर 30* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 56/2, 8 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
भारत 50 रन के पार
पी जयविक्रमा ने श्रीलंका के लिए पारी का सातवां ओवर किया। अय्यर और सैमसन दोनों ने संभलकर जयविक्रमा का सामना किया और ओवर में 5 रन बटोरे। 7 ओवर के बाद भारत का स्कोर 51/2। संजू सैमसन 2* और श्रेयस अय्यर 28* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 51/2, 7 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
इशान किशन खराब शॉट खेलकर आउट
लाहिरू कुमार ने श्रीलंका के लिए पावरप्ले का आखिरी ओवर करने की जिम्मेदारी उठाई। दासुन शनाका का एकदम सही फैसला। पहली ही गेंद पर इशान किशन आउट। ऑफ स्टंप की गेंद को मिडविकेट के ऊपर से खेलना चाहते थे,लेकिन बेहद खराब टाइमिंग। मिड ऑन पर शनाका ने एकदम आसान कैच लपका। इशान किशन ने 15 गेंदों में दो चौके की मदद से 16 रन बनाए। इस ओवर में केवल 2 रन बने और एक विकेट आया। 6 ओवर के बाद भारत का स्कोर 46/2। श्रेयस अय्यर 24* और संजू सैमसन 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 46/2, 6 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
अय्यर ने जमाई तीन बाउंड्री
बिनुरा फर्नांडो ने श्रीलंका के लिए पारी का पांचवां ओवर डाला। पहली दो गेंदों पर अय्यर और किशन ने एक-एक रन लिया। चौथी गेंद पर अय्यर ने मिड ऑन की दिशा में शानदार बाउंड्री जमाई। फिर पांचवीं गेंद पर अय्यर ने लगातार दूसरी बाउंड्री जमा दी। इस बार अय्यर ने शॉर्ट मिडविकेट और मिड ऑन के बीच से बाउंड्री जमाई। अय्यर ने चौके की हैट्रिक जमाई। आखिरी गेंद फुल लेंथ मिली तो मिड ऑफ और नॉन स्ट्राइकर के बीच से गैप ढूंढकर बाउंड्री जमाई। इस ओवर में 14 रन बने। 5 ओवर के बाद भारत का स्कोर 44/1। श्रेयस अय्यर 23* और इशान किशन 16* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 44/1, 5 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
किशन-अय्यर पर बड़ी जिम्मेदारी
लाहिरू कुमार ने श्रीलंका के लिए चौथा ओवर डाला। कुमार ने 146.7 केपीएच की गति की गेंद के साथ शुरूआत की। दूसरी ही गेंद बाउंसर डाली, जो किशन के हेलमेट पर जाकर लगी। तीसरी गेंद पर किशन ने एक रन लिया। चौथी गेंद पर अय्यर ने बाउंड्री जमाई। इसमें अय्यर को भाग्य का साथ मिला। उनके बल्ले का मोटी किनारा लगकर गेंद पहली स्लिप के करीब से बाउंड्री पार गई। इस ओवर में 7 रन बने। 4 ओवर के बाद भारत का स्कोर 30/1। इशान किशन 15* और श्रेयस अय्यर 10* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 30/1, 4 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
चमीरा का एक और कड़क ओवर
दुष्मंथ चमीरा ने श्रीलंका के लिए पारी का तीसरा ओवर डाला। इस ओवर में उन्होंने बल्लेबाजों को बाउंड्री नहीं जमाने दी। चमीरा के ओवर में 5 रन बने। 3 ओवर के बाद भारत का स्कोर 23/1। इशान किशन 14* और श्रेयस अय्यर 5* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 23/1, 3 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
दोनों बल्लेबाजों ने जमाई बाउंड्री
बिनुरा फर्नांडो ने श्रीलंका के लिए पारी का दूसरा ओवर डाला। इशान किशन ने दूसरी गेंद पर थर्ड मैन की दिशा में चौका जमाया। उनके बल्ले का मोटा किनारा लेकर गेंद पहली स्लिप के पास से होती हुई बाउंड्री लाइन के पार गई। फिर पांचवीं गेंद पर श्रेयस अय्यर ने गेंदबाज के पास से शानदार चौका जमाया। इस ओवर में 9 रन बने। 2 ओवर के बाद भारत का स्कोर 18/1। श्रेयस अय्यर 4* और इशान किशन 12* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 18/1, 2 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
रोहित 1 रन बनाकर आउट
दुष्मंथ चमीरा ने श्रीलंका के लिए पारी का पहला ओवर किया। पहली गेंद पर रोहित शर्मा ने एक रन लिया जबकि दूसरी गेंद पर इशान ने दो रन दौड़कर लिए। तीसरी गेंद पर इशान किशन ने प्वाइंट के पास से बाउंड्री जमाई। आखिरी गेंद पर दुष्मंथ चमीरा ने रोहित शर्मा को क्लीन बोल्ड कर दिया। लेंथ बॉल पर रोहित के बल्ले का अंदरूनी भाग लगकर गेंद स्टंप पर जाकर लगी। 1 ओवर के बाद भारत का स्कोर 9/1। इशान किशन 7* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: भारत 9/1, 1 ओवर (लक्ष्य 184 रन)
श्रीलंकाई पारी रही शानदार
शनाका के नाम रहा पूरा ओवर
हर्षल पटेल ने भारत के लिए पारी का आखिरी ओवर डाला। पहली गेंद ऑफ स्टंप के काफी बाहर वाइड डाली। अगली गेंद पर शनाका और विकेटकीपर दोनों गच्चा खा गए और गेंद बाउंड्री लाइन के पार चली गई। इसके बाद तीसरी गेंद पर शनाका ने फिर चौका जमा दिया। इस बार शनाका ने स्क्वायर लेग की दिशा में बाउंड्री हासिल की। पांचवीं गेंद पर शनाका ने छक्का जमाया। यह उम्दा शॉट रहा। लांग ऑफ के ऊपर से बेहतरीन छक्का। शनाका ने आखिरी गेंद पर लांग ऑन के ऊपर से छक्का जमाया और पारी का शानदार अंत किया। इस ओवर में 23 रन बने। 20 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 183/5। दासुन शनाका 47* और चमिका करुणारत्ने 0* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 183/5, 20 ओवर
निसांका की पारी का हुआ अंत
भुवनेश्वर कुमार ने पारी का 19वां ओवर डाला। पहली गेंद पर शनाका ने दो रन लिए। दूसरी गेंद पर लांग ऑन के ऊपर से जोरदार छक्का जमाया। तीसरी गेंद पर शनाका ने विकेटकीपर के ऊपर से शॉट खेलकर बाउंड्री हासिल की। फिर ओवर की आखिरी गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने पाथुम निसांका को एलबीडब्ल्यू आउट किया। पाथम निसांका ने 53 गेंदों में 11 चौके की मदद से 75 रन बनाए। इस ओवर में 16 रन बने और एक विकेट आया। 19 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 160/5। दासुन शनाका 29* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 160/5, 19 ओवर
बुमराह की भी हुई धुलाई
जसप्रीत बुमराह का काफी महंगा ओवर बीता। बुमराह ने पारी का 18वां ओवर डाला, जिसमें श्रीलंकाई बल्लेबाज 14 रन बटोरने में कामयाब हुए। निसांका ने पहली दो गेंदों पर लगातार दो बाउंड्री जमाई। पहली गेंद कीपर के ऊपर से गई तो दूसरी गेंद लांग लेग की दिशा में सीमा रेखा के पार गई। फिर आखिरी गेंद पर निसांका ने शॉर्ट थर्ड मैन के ऊपर से बाउंड्री जमा दी। 18 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 144/4। पाथुम निसांका 73* और दासुन शनाका 16* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 144/4, 18 ओवर
हर्षल पटेल का महंगा ओवर
हर्षल पटेल ने भारत के लिए पारी का 17वां ओवर डाला, जो काफी महंगा रहा। इस ओवर में श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने 19 रन बटोरकर लय अपनी तरफ कर ली है। ओवर की दूसरी गेंद पर शनाका ने लांग ऑफ के ऊपर से शानदार छक्का जमाया था। फिर चौथी गेंद पर निसांका ने शॉर्ट फाइन लेग की दिशा में चौका जमाया। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर निसांका ने मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़ दिया। 17 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 130/4। पाथुम निसांका 60* और दासुन शनाका 15* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 130/4, 17 ओवर
चहल का गेंदबाजी कोटा पूरा
युजवेंद्र चहल ने भारत के लिए पारी का 16वां ओवर डाला। चौथी गेंद पर निसांका ने स्वीपर कवर के पास से चौका जमाया और अपना अर्धशतक पूरा किया। इस ओवर में 8 रन बने। 16 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 111/4। दासुन शनाका 3* और पाथुम निसांका 54* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 111/4, 16 ओवर
बुमराह का विकेट टेकिंग ओवर
जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिए पारी का 15वां ओवर किया। तीसरी गेंद पर चंडीमल ने गेंदबाज के पास से कड़क चौका जमाया। बुमराह ने अगली ही गेंद पर इसका बदला लिया और चंडीमल को शॉर्ट कवर्स में रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट कराया। दिनेश चंडीमल ने 10 गेंदों में एक चौके की मदद से 9 रन बनाए। इस ओवर में 5 रन बने और एक विकेट आया। 15 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 103/4। पाथुम निसांका 48* और दासुन शनाका 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 103/4, 15 ओवर
जडेजा का कड़क ओवर
रवींद्र जडेजा ने पारी का 14वां ओवर किया। पहली ही गेंद पर निसांका ने स्वीपर कवर के पास से शानदार चौका जमाया। मगर अगली पांच गेंदों में बल्लेबाज केवल दो रन ही बना सके। इस ओवर में 6 रन बने। 14 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 98/3। पाथुम निसांका 48* और दिनेश चंडीमल 5* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 98/3, 14 ओवर
भुवी के ओवर में बने दर्जनभर रन
भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए पारी का 13वां ओवर डाला। दूसरी गेंद पर निसांका ने कवर्स के ऊपर से शानदार चौका जमाया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर शानदार पुल शॉट खेलकर लांग लेग की दिशा में निसांका ने बाउंड्री जमाई। बाकी ओवर में चार सिंगल आए। 13वें ओवर में कुल 12 रन बने। 13 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 92/3। पाथुम निसांका 43* और दिनेश चंडीमल 4* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 92/3, 13 ओवर
जडेजा का जोरदार ओवर
रवींद्र जडेजा ने पारी का 12वां ओवर किया और केवल चार सिंगल ही दिए। 12 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 80/3। दिनेश चंडीमल 2* और पाथुम निसांका 33* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 80/3, 12 ओवर
पटेल को मिला विकेट
हर्षल पटेल ने श्रीलंका को तीसरा झटका दिया है। पारी के 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर पटेल ने कामिल मिशारा को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच आउट कराया। इस ओवर में 5 रन बने और एक विकेट आया। 11 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 76/3। पाथुम निसांका 31* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 76/3, 11 ओवर
चहल को मिली बड़ी सफलता
युजवेंद्र चहल ने भारत के लिए शानदार 10वां ओवर डाला, जिसमें उन्होंने केवल दो रन खर्च किए और एक विकेट आया। ओवर की पांचवीं गेंद पर चरित असलंका को चहल ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। असलंका ने 5 गेंदों में दो रन बनाए। 10 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 71/2। कामिल मिशारा 0* और पाथमु निसांका 27* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 71/2, 10 ओवर
विकेट आया
रवींद्र जडेजा के ओवर की शुरूआत बेहद खराब रही। गुनाथिलाका ने पहली और तीसरी गेंद पर शानदार छक्के जमाए। दूसरी गेंद पर कवर-प्वाइंट के पास स शानदार चौका जमाया। जडेजा ने फिर चौथी गेंद पर गुनाथिलाका को वेंकटेश अय्यर के हाथों कैच आउट कराया। इस ओवर में 18 रन बने और एक विकेट आया। 9 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 69/1। पाथुम निसांका 26* और चरित असलंका 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 69/1, 9 ओवर
चहल की हुई कुटाई
युजवेंद्र चहल की स्पिन का जादू धर्मशाला में अब तक नहीं चला। गुनाथिलाका ने ओवर की दूसरी गेंद पर कवर्स की दिशा में शानदार चौका जमाया। इस ओवर में 10 रन बने। 8 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 51/0। पाथुम निसांका 25* और दनुष्का गुनाथिलाका 22* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 51/0, 8 ओवर
निसांका की एक और बाउंड्री
रवींद्र जडेजा पारी का सातवां ओवर करने आए। पहली तीन गेंदों में दो रन खर्च करने वाले जडेजा की चौथी गेंद पर निसांका ने स्वीप शॉट के सहारे बाउंड्री जमाई। इस ओवर में 9 रन बने। 7 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 41/0। दनुष्का गुनाथिलाका 16* और पाथुम निसांका 21* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 41/0, 7 ओवर
चहल का बाउंड्री से स्वागत
युजवेंद्र चहल ने पावरप्ले का आखिरी ओवर डाला। निसांका ने पहली ही गेंद पर कवर्स के पास से शानदार चौका जमाया। इसके बाद लेग स्पिनर ने जबर्दस्त वापसी की और अगली पांच गेंदों में केवल तीन रन खर्च किए। इस ओवर में 7 रन बने। 6 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 32/0। दनुष्का गुनाथिलाका 14* और पाथुम निसांका 14* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 32/0, 6 ओवर
पटेल का महंगा ओवर
हर्षल पटेल ने भुवनेश्वर कुमार की जगह ली और पारी का पांचवां ओवर किया। दूसरी गेंद शॉर्ट डाली, जिस पर गुनाथिलाका ने स्क्वायर लेग की दिशा में चौका जमाया। फिर पांचवीं गेंद पर निसांका ने प्वाइंट के ऊपर से चौका जमा दिया। इस ओवर में 10 रन बने। 5 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 25/0। पाथुम निसांका 8* और दनुष्का गुनाथिलाका 13* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 25/0, 5 ओवर
बुमराह का कड़क ओवर
जसप्रीत बुमराह ने पारी का चौथा ओवर किया और श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर लगाम कसके रखी। बुमराह ने इस ओवर में केवल दो रन दिए। 4 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 15/0। पाथुम निसांका 3* और दनुष्का गुनाथिलाका 8* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 15/0, 4 ओवर
गुनाथिलाका ने जमाया मैच का पहला चौका
भुवनेश्वर कुमार ने पारी का तीसरा ओवर किया। पहली गेंद पर गुनाथिलाका को आउट स्विंग के जरिये बीट किया। मगर अगली गेंद फुल लेंथ की डाली, जिस पर गुनाथिलाका ने कवर्स के पास से शानदार चौका जमाया। इसके अलावा ओवर में दो सिंगल बने। 3 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 13/0। पाथुम निसांका 2* और दनुष्का गुनाथिलाका 7* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 13/0, 3 ओवर
बुमराह ने किया परेशान
जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिए पारी का दूसरा ओवर किया। बुमराह शुरूआत में लाइन भटके और लगातार दो वाइड गेंदें डाली। इसके बाद उन्होंने जबर्दस्त वापसी की और गुनाथिलाका को परेशान किया। इस ओवर में 5 रन बने। 2 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 7/0। पाथुम निसांका 1* और दनुष्का गुनाथिलाका 2* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 7/0, 2 ओवर
भुवी की शानदार गेंदबाजी
भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए पारी का पहला ओवर किया। पहली ही गेंद बेहतरीन आउटस्विंग। दूसरी गेंद पर निसांका एक रन लेने में कामयाब हुए। इस ओवर में केवल दो रन बने। 1 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 2/0। पाथुम निसांका 1* और दनुष्का गुनाथिलाका 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SL, 2nd T20I Live Score: श्रीलंका 2/0, 1 ओवर
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत - रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, रवींद्र जडेजा, वेंकटेश अय्यर, दीपक हूडा, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल।
श्रीलंका - पाथुम निसांका, कामिल मिशारा, चरित असलंका, दनुष्का गुनाथिलाका, दिनेश चंडीमल, दासुन शनाका (कप्तान), चमिका करुणारत्ने, दुष्मंथ चमीरा, प्रवीण जयविक्रमा, बिनुरा फर्नांडो और लाहिरू कुमार।
सीरीज जीत की तैयारी
टॉस का बॉस बना भारत
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया जबकि श्रीलंका ने दो बदलाव किए हैं। श्रीलंका ने जेफ्रे वांडरसे और जानिय लियानागे की जगह बुनुरा फर्नांडो और दनुष्का गुनाथिलाका को शामिल किया है।

