श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में चहल ने फिर की ये पहल, भारतीय खेमे की खुशी का नहीं रहा ठिकाना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 20, 2021, 05:43 PM IST

Yuzvendra Chahal in India Vs Sri Lanka 2nd ODI: भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में एक बार फिर शानदार गेंदबाजी की।

श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में चहल ने फिर की ये पहल, भारतीय खेमे की खुशी का नहीं रहा ठिकाना
Photo Credit: AP

कोलंबो: भारत और श्रीलंका मंगलवार को दूसरे वनडे में आमने-सामने हैं। यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। श्रीलंका ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अविष्का फर्नांडो और मिनोड भानुका ने पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े और श्रीलंका को अच्छी शुरुआत दिलाई। भारतीय टीम को इस जोड़ी की वजह से काफी देर विकेट के लिए तरसना पड़ा। ऐसे में स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपनी फिरकी का जादू चलाया और वहीं कमाल किया, जो उन्होंने पहले वनडे में किया था।

दूसरे वनडे में चहल ने फिर की ये पहल

युजवेंद्र चहल ने श्रीलंका के विरुद्ध पहले वनडे में भारत को पहला विकेट दिलाया था और जब दूसरे वनडे में टीम को विकेट की तलाश थी तो फिर लेग स्पिनर ने पहल की। उन्होंने श्रीलंकाई पारी के 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने मिनोड भानुका (36) को शॉर्ट मिडविकेट पर मनीष पांडे के हाथों लपकवाया। इतना ही नहीं चहल ने उसी ओवर की तीसरी गेंद पर भानुका राजपक्षे को भी विकेटकीपर इशान किशन के हाथों कैच आउट कर दिया। लगातार श्रीलंका के दो विकेट गिरने से भारतीय खेमे की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

चहल ने वीरेंद्र सहवाग को पछाड़ा

चहल ने इन दो विकेट के अलावा एक और भी चटकाया। वह तीन विकेट लेने के साथ ही एक अहम उपलब्धि भी अपने नाम करने में कामयाब हो गए। वह वनडे में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों के लिस्ट में वीरेंद्र सहवाग से आगे निकल गए हैं। सहवाग ने वनडे में 96 विकेट चटाए जबकि चहल के इस फॉर्मेट में 97 विकेट हो गए हैं। उनके सीरीज शुरू होने से पहले 92 विकेट थे, लेकिन उन्होंने पहले वनडे में दो और दूसरे वनडे में तीन विकेट झटक लिए। चहल भारत के दो पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (100 वनडे विकेट) को भी पछाड़ के नजदीक हैं। अगर वह सीरीज में 4 विकेट और चटकाने में सफल रहते हैं तो वह गांगुली को पीछे छोड़ देंगे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!