पार्ल: पिछले साल यूएई में आयोजित आईपीएल-14 के दूसरे लेग से पहले एक अनजान खिलाड़ी के रूप में मध्यप्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेल रहे वेंकटेश अय्यर की किस्मत ऐसी बदली की अचानक से भारतीय टीम के दरवाजे उनके लिए खुल गए। धीरे-धीरे वो भारत की विभिन्न फॉर्मेट की टीमों में एंट्री करते जा रहे हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर टी20 डेब्यू करने के बाद वेंकटेश अय्यर को बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पार्ल में खेले जा रहे सीरीज के पहले वनडे में डेब्यू का मौका मिल गया।
आईपीएल 2021 में मचाया धमाल
अय्यर को पहली बार कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने का मौका यूएई में आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में मिला। अय्यर ने हाथ आए इस मौके को कतई खाली नहीं जाने दिया और पारी की शुरुआत करते हुए धमाकेदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। अय्यर ने आईपीएल में खेले 10 मैच की 10 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 41.11 के औसत और 128.47 के स्ट्राइक रेट से 370 रन बनाए थे। उन्होंने इस दौरान 4 अर्धशतक जड़े और उनका सर्वाधिक स्कोर 67 रन रहा। इसके बाद उन्होंने दोबारा पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार सफलता की सीढ़ियां चढ़ते गए।
जयपुर में किया अंतरराष्ट्रीय डेब्यू
टी20 वर्ल्ड कप के बाद न्यूजीलैडं के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के लिए अय्यर को भारतीय टीम में शामिल किया गया और जयपुर में खेले गए पहले ही मैच में उन्हें डेब्यू का मौका मिल गया। अय्यर को सीरीज के तीनों मैच खेले और इस दौरान उन्होंने 3 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए कुल 36 रन (4,12*,20) बनाए। वहीं सीरीज में वो गेंदबाजी करते हुए 1 विकेट हासिल कर सके।
विजय हजारे ट्रॉफी में मचाया धमाल
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में फ्लॉप शो के बाद अय्यर ने विजय हजारे ट्रॉफी में मध्य प्रदेश के लिए खेलते हुए 7 मैच में दो धमाकेदार शतक की मदद से 379 रन बनाए और इस दौरान 9 विकेट भी झटके। चंडीगढ़ के खिलाफ अय्यर ने 151 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं केरल के खिलाफ उन्होंने 112 रन बनाए। केरल के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 55 रन देकर 3 विकेट भी झटके। इसी प्रदर्शन की बदौलत उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए बतौर ऑलराउंडर जगह मिली।
चार महीने में बदली किस्मत! आईपीएल-टी20 के बाद मध्य प्रदेश के धुरंधर ने किया टीम इंडिया के लिए वनडे डेब्यू
- Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
- Updated Jan 19, 2022, 03:19 PM IST
मध्यप्रदेश के धाकड़ क्रिकेटर वेंकटेश अय्यर की किस्मत चार महीने में पूरी तरह बदल गई है। बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में उन्होंने वनडे डेब्यू किया।
Photo Credit: Twitter
End of Article

