"वो पाकिस्‍तान क्रिकेट को तबाह करने जा रहे हैं", PCB चेयरमैन रमीज राजा पर भड़का पूर्व पाकिस्‍तानी क्रिकेटर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 10, 2022, 09:00 AM IST

Tanvir Ahmed on Ramiz Raja: पाकिस्‍तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने पीसीबी चेयरमैन रमीज राजा पर जमकर भड़ास निकाली है। अहमद ने कहा कि प्रत्‍येक नया चेयरमैन नए लॉजिक के साथ आता है, जिससे पाकिस्‍तान क्रिकेट को मदद नहीं मिलती है।

"वो पाकिस्‍तान क्रिकेट को तबाह करने जा रहे हैं", PCB चेयरमैन रमीज राजा पर भड़का पूर्व पाकिस्‍तानी क्रिकेटर

लाहौर: पाकिस्‍तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन रमीज राजा के फैसला लेने वाली शैली पर पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने अपनी राय प्रकट की है। राजा ने हाल ही में पाकिस्‍तान जूनियर लीग के बारे में घोषणा की थी, जिस फैसले से अहमद बिलकुल भी प्रभावित नहीं है। अहमद का मानना है कि यह कदम देश के क्रिकेट भविष्‍य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। राजा ने जूनियर लीग का प्रस्‍ताव रखा, जिससे प्रगतिवान क्रिकेटरों को ज्‍यादा अवसर प्राप्‍त होंगे।

हालांकि, अहमद के मुताबिक अगर खिलाड़ी का सीधे टी20 प्रारूप से परिचय कराया जाएगा और लंबे प्रारूप में उसे ज्‍यादा मौका नहीं मिलेगा तो उससे उनकी प्रगति पर असर पड़ सकता है। अहमद ने समा टीवी के हवाले से कहा, 'जूनियर पीएसएल आयोजित कराने के बजाय चेयरमैन को दो या तीन दिवसीय टूर्नामेंट के आयोजन पर ध्‍यान देना चाहिए। वो इस तरह के फैसले से पाकिस्‍तान क्रिकेट को तबाह कर देंगे। युवा खिलाड़ी सोचेंगे कि उन्‍हें लंबे प्रारूप में खेलने की जरूरत नहीं और वो छक्‍के मारने पर ध्‍यान लगाएंगे।'

तनवीर अहमद ने कहा, 'यह मानसिकता न सिर्फ अंडर-19 क्रिकेट पर असर डालेगी, लेकिन पैसा शामिल होने के कारण अंडर-13 क्रिकेट पर भी इसका असर पड़ेगा। दुनिया भर के लोग कहते हैं कि टी20 क्रिकेट ने टेस्‍ट क्रिकेट तबाह कर दिया, लेकिन हमारे चेयरमैन जूनियर पीएसएल आयोजित करने का प्रयास कर रहे हैं।' 

जूनियर स्‍तर क्रिकेट संबंधित रमीज राजा की रणनीति की आलोचना करते हुए अहमद ने राजा के ड्रॉप-इन पिच वाले फैसले पर चुटकी ली। अहमद ने कहा, 'प्रत्‍येक नया चेयरमैन नए लॉजिक के साथ आता है, जिससे पाकिस्‍तान क्रिकेट को मदद नहीं मिलती। यही रमीज राजा के साथ भी है।' बता दें कि पूर्व पाकिस्‍तानी क्रिकेटर सलमान बट ने भी पाकिस्‍तान जूनियर लीग का विरोध किया था। उन्‍होंने कहा था कि युवा क्रिकेटरों को सही दिशा नहीं मिलेगी। अगर उन्‍हें टी20 क्रिकेट में खिलाया गया तो शैली और फिटनेस में गिरावट आएगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!