शेन वॉर्न को लेकर सनसनीखेज खुलासे, जब बोले- 'मैं हम दोनों के लिए दो भारतीय मॉडल लेकर आता हूं'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 30, 2020, 10:14 PM IST

Shane Lee reveals secrets of Shane Warne : पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन ली ने पूर्व दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वॉर्न को लेकर कुछ चौंकाने वाले दावे किए हैं। उन पर कुछ गंभीर आरोप लगाए हैं।

शेन वॉर्न को लेकर सनसनीखेज खुलासे, जब बोले- 'मैं हम दोनों के लिए दो भारतीय मॉडल लेकर आता हूं'
Photo Credit: AP, File Image

मेलबर्नः शेन वॉर्न..ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का वो नाम जो कभी पहचान का मोहताज नहीं रहा। बस फर्क इतना है कि कभी वो पहचान क्रिकेट मैदान पर उनके प्रदर्शन को लेकर बनती थी, तो कभी चर्चा उनके विवादों को लेकर होती है। इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1001 विकेट लिए, वो इतिहास के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं लेकिन मैदान के बाहर की उनकी हरकतें ऐसी थीं कि साथी खिलाड़ी भी उनसे दूरी बनाना बेहतर समझते थे। ऐसे ही कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए हैं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन ली ने। 

शेन ली ने बताया है कि टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ ने कैसे 1996 विश्व कप के दौरान उन्हें शेन वार्न को लेकर आगाह किया था। ली उस समय सिर्फ 22 साल के थे और भारत में खेले जाने वाले विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में चुने गए थे। ली ने कहा कि वार्न उनसे काफी अच्छा व्यवहार कर रहे थे, लेकिन फिर स्टीव वॉ ने उन्हें बताया था कि लेग स्पिनर क्यों नए खिलाड़ियों से ज्यादा घुलते मिलते हैं।

शेन वॉर्न की सीक्रेट दोस्ती के खुलासे

शेन ली ने शेन वॉर्न और उनकी दोस्त बनाने की अजीबोगरीब आदतों के बारे में बताया। न्यूज डॉट कॉम डॉट एयू ने ली के हवाले से लिखा, 'वॉर्न ने मुझसे बात की और कहा कि हम दोनों की दोस्ती शेन शो होगी, मैं और तुम, शेन शो।' जब ये नजारा स्टीव वॉ ने देखा तो वो शेन ली को किनारे ले गए थे और उनको समझाया था। इस बारे में शेन ली ने कहा, 'वॉ ने मुझे साइड में लिया और पूछा कि वॉ के साथ तुम्हारी दोस्ती कैसी जा रही है? मैंने वॉ से कहा कि वो मेरे साथ अच्छा व्यवहार कर रहे हैं। इसके बाद वॉ ने कहा कि तुमको याद है कि स्कूल में एक बच्चा होता है जिसका कोई दोस्त नहीं होता और जब नया बच्चा स्कूल में आता है तो वो उससे दोस्ती करता है। तुम वो नए बच्चे हो और वार्न वो बच्चा है जिसका कोई दोस्त नहीं है।'

अपनी मर्जी से भारतीय मॉडल्स को साथ लाने के दावे

शेन ली ने साथ ही बताया कि वॉर्न कैसे आसानी से महिलाओं तक पहुंच जाते थे और ये बात उन्होंने 1996 विश्व कप के दौरान पहली बार महसूस की। 46 साल के ली ने कहा कि विश्व कप के उद्घाटन समारोह में हर खिलाड़ी के साथ एक भारतीय मॉडल थी और वार्न ने उनसे कहा था कि वह उनमें से किसी से दोस्ती करेंगे। पूर्व ऑलराउंडर ने उस किस्से के बारे में बात करते हुए कहा, 'मैं उस समय सिंगल था और वॉर्न उस टूर पर सिंगल थे। वॉर्न ने मुझसे कहा था कि वो हम दोनों के लिए दो सर्वश्रेष्ठ मॉडल ले कर आएंगे- द शेन शो।'

मॉडल्स से दोस्ती की और फिर..

शेन ली ने आगे कहा, 'किसी तरह उन्होंने (शेन वॉर्न) दो मॉडलों से दोस्ती कर ली और एक-एक पैग पीने के बाद हम उनके घर जाने वाले थे। हम सोच रहे थे कि ये सब होने वाला है। मैंने कहा, शेन शो, वकाई वॉर्न। उन्होंने कहा, दूसरे खिलाड़ियों को नहीं बताना। फिर हम वहां गए और वहां उनका पूरा परिवार था। हमने पूरी रात ऑटोग्राफ देते हुए और भयावह खाना खाते हुए गुजारी।'

हाल ही में शेन वॉर्न ने कहा- मैं शर्मिंदा हूं

गौरतलब है कि शेन वॉर्न हमेशा ही विवादों में रहे और वो ज्यादातर मौकों पर अफसोस नहीं जताते थे। हालांकि हाल में शेन वॉर्न ने एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि उन्होंने काफी गलतियां की हैं और अपने परिवार व बच्चों को शर्मिंदा किया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!