'रोहित शर्मा सहित सीनियर खिलाड़‍ियों के भविष्‍य के बारे में कुछ कहना जल्‍दबाजी होगी', राहुल द्रविड़ का बयान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 10, 2022, 05:45 PM IST

Rohit Sharma, Virat Kohli's t20i future: भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने रोहित शर्मा और विराट कोहली सहित सीनियर खिलाड़‍ियों के भविष्‍य के सवाल को दरकिनार कर दिया है। भारतीय टीम गुरुवार को इंग्‍लैंड से हारकर टी20 वर्ल्‍ड कप से बाहर हुई।

'रोहित शर्मा सहित सीनियर खिलाड़‍ियों के भविष्‍य के बारे में कुछ कहना जल्‍दबाजी होगी', राहुल द्रविड़ का बयान
Photo Credit: AP

एडिलेड: भारतीय टीम को गुरुवार को टी20 वर्ल्‍ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्‍लैंड के हाथों 10 विकेट की करारी शिकस्‍त सहनी पड़ी। रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम का सेमीफाइनल में सफर समाप्‍त हुआ। भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि कप्‍तान रोहित शर्मा और स्‍टार बल्‍लेबाज विराट कोहली सहित सीनियर खिलाड़‍ियों के टी20 इंटरनेशनल भविष्‍य पर कुछ भी कहना जल्‍दबाजी होगी। राहुल द्रविड़ ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'सीनियर खिलाड़‍ियों के भविष्‍य के बारे में कुछ भी कहना जल्‍दबाजी होगी। हमारे पास अगले टी20 वर्ल्‍ड कप से पहले काफी समय है।'

बता दें कि इंग्‍लैंड के कप्‍तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने हार्दिक पांड्या (63) और विराट कोहली (50) के अर्धशतकों की मदद से 20 ओवर में 168/6 का स्‍कोर बनाया। जवाब में प्‍लेयर ऑफ द मैच एलेक्‍स हेल्‍स (86*) और जोस बटलर (80*) की शानदार पारियों की बदौलत इंग्‍लैंड ने 16 ओवर में बिना किसी नुकसान के लक्ष्‍य हासिल कर लिया। इंग्‍लैंड की टीम फाइनल में पाकिस्‍तान से भिड़ेगी। दोनों के बीच 13 नवंबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर फाइनल मैच खेला जाएगा।

भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि सेमीफाइनल में उनकी टीम इंग्‍लैंड के खिलाफ अच्‍छा प्रदर्शन नहीं कर सकी। राहुल द्रविड़ ने कहा, 'टूर्नामेंट से बाहर होना बेहद निराशाजनक है। हमारे खिलाड़‍ियों ने इंग्‍लैंड के खिलाफ पर्याप्‍त प्रदर्शन नहीं किया। हमने पूरे टूर्नामेंट में अच्‍छा प्रदर्शन किया, लेकिन आज हमारा दिन नहीं था। बड़े टूर्नामेंट में ऐसा हो जाता है। खिलाड़‍ियों ने अपना जोर जरूर लगाया, लेकिन इंग्‍लैंड के खिलाफ गेंदबाजी बेरंग नजर आई। सीनियर खिलाड़‍ियों के भविष्‍य पर कुछ भी कहना जल्‍दबाजी होगी। इन लोगों ने भारत को बुलंदियों पर पहुंचाया है। अगले टी20 वर्ल्‍ड कप में काफी समय है और हम आगे इस पर विचार करेंगे।'

राहुल द्रविड़ ने इंग्लिश कप्‍तान जोस बटलर की तारीफ करते हुए उन्‍हें दुनिया के सबसे खतरनाक टी20 बल्‍लेबाजों में से एक बनाया। द्रविड़ ने कहा, 'जोस बटलर और एलेक्‍स हेल्‍स ने शानदार साझेदारी की। दोनों ने बहुत ही नपे-तुले शॉट्स खेले और कोई जोखिम नहीं उठाया। जोस बटलर अपने फॉर्म में नजर आए और जब वह लय में हो तो उनका विकेट निकालना आसान नहीं हैं। जोस बटलर दुनिया के सर्वश्रेष्‍ठ टी20 बल्‍लेबाजों में से एक हैं।' बता दें कि भारतीय टीम अगले महीने न्‍यूजीलैंड दौरे पर जाएगी, जहां हार्दिक पांड्या टी20 इंटरनेशनल सीरीज में कप्‍तानी करेंगे। देखना दिलचस्‍प होगा कि रोहित शर्मा सहित सीनियर खिलाड़‍ियों का टी20 भविष्‍य क्‍या रहने वाला है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!