VIRAL VIDEO: देखिए क्विंटन डी कॉक की जादुई स्टंपिंग, कुछ समझने से पहले ही आउट हुए रिषभ पंत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 19, 2022, 09:53 PM IST

Quinton de Kock stumped Rishabh Pant, ind vs sa 1st odi: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए पहले वनडे मैच में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत को दक्षिण अफ्रीकी कीपर रिषभ पंत ने जादुई अंदाज में स्टंप किया।

VIRAL VIDEO: देखिए क्विंटन डी कॉक की जादुई स्टंपिंग, कुछ समझने से पहले ही आउट हुए रिषभ पंत
Photo Credit: Twitter

भारतीय क्रिकेट टीम और मेजबान दक्षिण अफ्रीका के बीच बुधवार को वनडे सीरीज का पहला मैच हुआ। मेजबान टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक (Quinton de Kock) एक बार फिर जलवा दिखाने मैदान पर थे। बल्लेबाजी में तो क्विंटन डी कॉक कुछ ज्यादा नहीं कर सके 41 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन जब भारतीय टीम 297 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तब क्विंटन डी कॉक ने विकेट के पीछे एक जादुई स्टंपिंग को अंजाम देकर सबका दिल जीत लिया।

दुनिया के श्रेष्ठ विकेटकीपरों में शुमार किए जाने वाले क्विंटन डी कॉक इस बार जिस खिलाड़ी का शिकार करने को लेकर सुर्खियों में हैं, वो खुद एक विकेटकीपर है। जी हां, हम बात कर रहे हैं युवा भारतीय विकेटकीपर रिषभ पंत (Rishabh Pant) की। डी कॉक ने जादुई अंदाज में स्टंपिंग करते हुए ना सिर्फ रिषभ पंत को पवेलियन का रास्ता दिखाया बल्कि उनको सबक भी दे गए।

मामला भारतीय पारी के 35वें ओवर का है। गेंदबाज थे फेलुकवायो, जो कि एक स्पिनर नहीं हैं, फिर भी क्विंटन डी कॉक विकेट के बिल्कुल करीब आकर तैनात हो गए थे। शायद उन्होंने कुछ भांप लिया था। फेलुकवायो ने लेग साइड पर एक गेंद फेंकी जिस पर पंत ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए फ्लिक करने का प्रयास किया लेकिन गेंद उनके बल्ले से कनेक्ट नहीं हुई। उधर क्विंटन डी कॉक ने गजब की फुर्ती से ना सिर्फ लेग साइड पर तेज गेंद लपकी बल्कि चंद सेकेंड में गिल्लियां भी गिरा दीं। रिषभ पंत इससे पहले खुद को संभाल पाते विकेट बिखर चुके थे। रीप्ले देखा गया तो पता चला कि पंत क्रीज पर कदम रखने से पहले स्टंप हो चुके थे।

देखिए क्विंटन डी कॉक द्वारा शानदार स्टंपिंग का वीडियो

रिषभ पंत 22 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए। भारत की तरफ से शीर्ष क्रम में सर्वाधिक रन शिखर धवन (79) ने बनाए जबकि पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी 51 रनों की पारी खेली।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!