PSL 2022, Karachi vs Multan: 42 साल के इमरान ताहिर का धमाल, मुल्तान का पीएसएल में विजयी आगाज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 28, 2022, 06:05 AM IST

PSL 2022, Match 1, Karachi Kings vs Multan Sultans Match Highlights: पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल 2022) के नए सीजन का गुरुवार को आगाज हो गया। सीजन के पहले मैच में मुल्तान सुल्तांस ने इमरान ताहिर के दम पर कराची किंग्स को 7 विकेट से मात दी।

PSL 2022, Karachi vs Multan: 42 साल के इमरान ताहिर का धमाल, मुल्तान का पीएसएल में विजयी आगाज
Photo Credit: Twitter

गुरुवार को पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल 2022) के नए सीजन का आगाज हो गया। कराची में सीजन का पहला मैच मुल्तान सुल्तांस और मेजबान कराची किंग्स के बीच खेला गया। मैच में मुल्तान सुल्तांस ने अपने दक्षिण अफ्रीकी अनुभवी स्पिनर इमरान ताहिर के शानदार प्रदर्शन के दम पर 10 गेंदें शेष रहते 7 विकेट से जीत दर्ज की और इस सीजन में विजयी आगाज किया।

मुल्तान सुल्तांस ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कराची किंग्स की तरफ से कप्तान बाबर आजम और शरजील खान के बीच पहले विकेट के लिए 66 रनों की शानदार साझेदारी हई। लेकिन बाबर 23 रन और शरजील 43 रन बनाकर आउट हुए जिसके बाद उनकी टीम की पारी धीमी होती चली गई। कराची किंग्स 20 ओवर में 5 विकेट खोकर सिर्फ 124 रन बना सकी।

इस दौरान मुल्तान सुल्तांस की तरफ उनके गेंदबाजों ने किफायती गेंदबाजी की। मुल्तान के 7 खिलाड़ियों ने इस मैच में गेंदबाजी की। इनमें सबसे सफल दक्षिण अफ्रीका के 42 वर्षीय स्पिनर इमरान ताहिर रहे जिन्होंने अपने 4 ओवरों में कुल 16 रन लुटाते हुए 3 अहम विकेट झटके। उनके अलावा शहनवाज दहानी और खुशदिल शाह ने 1-1 विकेट लिया।

जवाब देने उतरी मुल्तान सुल्तांस के सामने 125 रनों का आसान लक्ष्य था। उनको इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी और मुल्तान की टीम ने 18.2 ओवर में 7 विकेट से जीत दर्ज कर ली। उनकी तरफ से ओपनर व कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 47 गेंदों में नाबाद 52 रनों की धुआंधार पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही पवेलियन लौटे।

मोहम्मद रिजवान के अलावा शान मसूद ने 26 रन और सोहेब मकसूद ने 30 रनों की पारियों खेलीं। राइली रूसो 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि टिम डेविड 12 रन बनाकर रिजवान के साथ अंत तक टिके रहे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!