754 रन, 4 शतक: पृथ्‍वी शॉ ने विजय हजारे ट्रॉफी में मचाया कोहराम, रिकॉर्ड्स को किया तहस-नहस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 11, 2021, 02:55 PM IST

Prithvi Shaw: पृथ्‍वी शॉ ने मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में 754 रन बनाए और वह टूर्नामेंट के एक एडिशन में सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज बन गए हैं। शॉ ने मयंक अग्रवाल के 723 रन का रिकॉर्ड तोड़ा।

754 रन, 4 शतक: पृथ्‍वी शॉ ने विजय हजारे ट्रॉफी में मचाया कोहराम, रिकॉर्ड्स को किया तहस-नहस

मुंबई: मुंबई क्रिकेट टीम के कप्‍तान और ओपनर पृथ्‍वी शॉ ने गुरुवार को विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में कर्नाटक के खिलाफ बेहतरीन पारी खेली और रिकॉर्ड्स की बाढ़ लगा दी। पृथ्‍वी शॉ ने 122 गेंदों में 17 चौके और 7 छक्‍के की मदद से 165 रन बनाए। पृथ्‍वी शॉ की पारी की बदौलत मुंबई ने 49.2 ओवर में 322 रन बनाए। उसकी पारी ऑलआउट हुई।

21 साल के पृथ्‍वी शॉ ने इस आक्रामक पारी के साथ रिकॉर्ड्स की भरमार लगा दी। पृथ्‍वी शॉ विजय हजारे ट्रॉफी के एक एडिशन में सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज बन गए हैं। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में 754 रन बनाए और मयंक अग्रवाल के रिकॉर्ड को तोड़ा। मयंक अग्रवाल ने 2018 में 723 रन बनाए थे। तब मयंक ने 8 मैचों में 90.37 की औसत से 723 रन बनाए थे, जिसमें 3 शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं।

विजय हजारे के एक सीजन में सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज

  • 754 - पृथ्‍वी शॉ (2021)
  • 723 - मयंक अग्रवाल (2018)
  • 673* - देवदत्‍त पडिक्‍कल (2021)
  • 609 - देवदत्‍त पडिक्‍कल (2019)
  • 607 - दिनेश कार्तिक (2017)

कोहली के रिकॉर्ड की बरारबरी की

पृथ्‍वी शॉ ने मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में कुल चार शतक जमाए और भारतीय कप्‍तान विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। विराट कोहली ने 2008-09 में विजय हजारे ट्रॉफी में चार शतक जमाए थे। 

विजय हजारे ट्रॉफी के सीजन में सबसे ज्‍यादा शतक जमाने वाले बल्‍लेबाज

  • 4 - विराट कोहली (2008-09)
  • 4 - देवदत्‍त पडिक्‍कल (2021*)
  • 4 - पृथ्‍वी शॉ (2021)

पृथ्‍वी शॉ ने मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में एक दोहरा शतक और तीन शतक जमाए हैं। उन्‍होंने 188.5 की औसत से 754 रन बनाए हैं। इस सप्‍ताह की शुरूआत में पृथ्‍वी शॉ ने भारतीय बल्‍लेबाजों द्वारा लिस्‍ट ए क्रिकेट में सफल रन का पीछा करने के दौरान महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के सर्वाधिक व्‍यक्तिगत स्‍कोर का रिकॉर्ड तोड़ा था। पृथ्‍वी शॉ ने मंगलवार को सौराष्‍ट्र के खिलाफ 123 गेंदों में 185 रन की पारी खेली थी।

जहां धोनी ने 2005 में श्रीलंका के खिलाफ 183 रन बनाए थे, वहीं कोहली ने 2012 में ढाका में एशिया कप में पाकिस्‍तान के खिलाफ 183 रन की पारी खेली थी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!