WI vs NZ: दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने विंडीज को पटखनी देकर की सीरीज में वापसी 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 20, 2022, 01:31 PM IST

न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को बारिश से प्रभावित दूसरे वनडे में मात देकर सीरीज में वापसी कर ली है। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच रविवार को खेला जाएगा।

WI vs NZ: दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने विंडीज को पटखनी देकर की सीरीज में वापसी 

ब्रिजटाउन: फिन एलेन के 96 रन के बाद टिम साउथी के चार विकेट से न्यूजीलैंड ने वर्षा से प्रभावित दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शुक्रवार को वेस्टइंडीज को डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत 50 रन से हराकर तीन मैच की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर दी।

न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212 रन बनाए जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 27 रन पर छह विकेट गंवाने के बाद संकट में थी लेकिन इसके बाद बारिश के खलल और फिर निचले क्रम के उपयोगी योगदान से टीम अपने सबसे कम स्कोर पर सिमटने से बच गई।

विंडीज ने 63 रन पर गंवा दिए थे 6 विकेट
बारिश ने जब खलल डाला तब वेस्टइंडीज ने 63 रन तक सात विकेट गंवा दिए थे और खेल दोबारा शुरू होने पर उसे 41 ओवर में 212 रन बनाने का लक्ष्य मिला। वेस्टइंडीज के लिए यानिक कारिया ने आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली ही एकदिवसीय पारी में 52 रन बनाए। उन्होंने 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे अल्जारी जोसेफ के साथ नौवें विकेट के लिए 85 रन जोड़कर वेस्टइंडीज की उम्मीद जगाई।

जोसेफ हालांकि 157 रन के स्कोर पर साउथी की गेंद पर बोल्ड हो गए जिसके चार रन बाद मिचेल सेंटनर ने कारिया को आउट करके न्यूजीलैंड को जीत दिलाई। ट्रेंट बोल्ट ने भी 18 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

212 रन के स्कोर पर सिमटी कीवी टीम
इससे पहले एलेन के 96 रन के अलावा डेरिल मिशेल (41) और सेंटनर (नाबाद 26) की उम्दा पारियों के बावजूद न्यूजीलैंड की टीम 48.2 ओवर में 212 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज की ओर से केविन सिंक्लेयर ने 41 रन देकर चार विकेट चटकाए। जेसन होल्डर ने 24 रन देकर तीन जबकि अकील हुसैन ने 51 रन देकर दो विकेट हासिल किए। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला रविवार 21 अगस्त को खेला जाएगा। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!