क्या इस तरह बदलेगी इंग्लैंड टेस्ट टीम की तकदीर? नए कोच ब्रैंडन मैकुलम ने दे डाली धाकड़ सलाह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 21, 2022, 05:05 PM IST

Brendon McCullum on England Test Team: ब्रैंडन मैकुलम ने इंग्लैंड टेस्ट टीम को अपनी तकदीर बदलने के लिए एक धाकड़ सलाह दी है। उन्होंने बताया है कि इंग्लैंड को किस तरह का क्रिकेट खेलने की जरूरत है।

क्या इस तरह बदलेगी इंग्लैंड टेस्ट टीम की तकदीर? नए कोच ब्रैंडन मैकुलम ने दे डाली धाकड़ सलाह

लंदन: इंग्लैंड के नए रेड-बॉल कोच ब्रेंडन मैकुलम ने इंग्लैंड टीम को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर टीम को टेस्ट क्रिकेट में अपना जलवा बिखेरना है तो उसे अन्य टीमों के खिलाफ कुछ अलग हटकर क्रिकेट खेलना होगा, जैसे भारत, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी खेलते हैं। इंग्लैंड हाल के दिनों में सबसे खराब फॉर्म में है, जिसने पिछले 17 मैचों में से सिर्फ एक टेस्ट मैच जीता है और केन विलियमसन की अगुवाई वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के साथ नए सत्र की शुरूआत करेगी। 

मैकुलम को इंग्लैंड का टेस्ट कोच नियुक्त किया गया है। इससे पहले इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया से 0-4 से एशेज सीरीज गंवा दी थी। इसके बाद टीम को वेस्टइंडीज से 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। क्रिस सिल्वरवुड को मुख्य कोच और जो रूट को अपनी कप्तानी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। मैकुलम को अब इंग्लैंड की टीम की किस्मत बदलने का काम सौंपा गया है, जो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप तालिका में नौवें और अंतिम स्थान पर है।

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के साथ एक साक्षात्कार में मैकुलम ने कहा, "टेस्ट क्रिकेट मेरे लिए हमेशा शिखर पर रहा है। मुझे लगता है कि टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता कुछ हद तक दक्षिण की ओर बढ़ी है।" बता दें, मैकुलम आईपीएल 2022 सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के मुख्य कोच थे, जहां टीम को प्लेऑफ में जगह नहीं मिली। उन्होंने मुख्य कोच का पद छोड़ते हुए इंग्लैंड टीम में वापसी की है।

उन्होंने आगे बताया कि, "टेस्ट क्रिकेट को न केवल बनाए रखना है बल्कि इसे आगे ले जाना है। टीम को कुछ अलग हटकर खेलने की जरूरत है जो ऑस्ट्रेलिया, भारत और न्यूजीलैंड के साथ प्रतिस्पर्धी हो और जिसने मुझे सबसे ज्यादा उत्साहित किया।" मैकुलम को पहली चुनौती का सामना तब करना पड़ेगा, जब इंग्लैंड 2 जून से लॉर्डस में शुरू होने वाली तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!