Cricketers of the Month: आईसीसी ने मई महीने के बेस्ट क्रिकेटर का किया ऐलान, इन दो खिलाड़ियों ने बाजी मारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 14, 2021, 03:59 PM IST

ICC Players of the Month for May 2021: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने मुशफिकुर रहीम और कैथरीन ब्राइस को मई महीने का बेस्ट क्रिकेटर चुना है।

Cricketers of the Month: आईसीसी ने मई महीने के बेस्ट क्रिकेटर का किया ऐलान, इन दो खिलाड़ियों ने बाजी मारी
Photo Credit: Twitter

आईसीसी ने मई महीने के बेस्ट क्रिकेटर का सोमवार को ऐलान कर दिया। आईसीसी ने बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम और और स्कॉटलैंड की ऑलराउंडर कैथरीन ब्राइस को महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना है। दोनों को मई में अपनी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करने का ईनाम मिला है। मुशफिकुर ने जहां श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज और टेस्ट में बल्ले से कमाल किया तो कैथरीन ने आयरलैंड के विरुद्ध टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में हरफनमौला खेल दिखाया। बता दें कि अप्रैल महीने में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम और ऑस्ट्रेलियाई की एलिसा हीली सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने थे। 

कैथरीन ने  96 रन बनाए और 5 विकेट लिए

मुशफिकुर ने श्रीलंका के विरुद्ध तीन वनडे और एक टेस्ट खेला। उन्होंने वनडे सीरीज में 79 की औसत से 237 रन बनाए। उन्होंने दूसरे वनडे में 125 रन की पारी खेली, जिससे बांग्लादेशी टीम सीरीज अपने नाम करने में कामयाब हो सकी। उन्होंने शतक के अलावा एक फीफ्टी भी जमाई थी। वहीं, मुशफिकुर ने टेस्ट में 80 रन बनाए। दूसरी ओर, कैथरीन ने आयरलैंड के खिलाफ चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 96 रन बनाने के अलावा पांच विकेट भी झटके। वह हाल में जारी रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह बनाने वाली स्कॉटलैंड की पहली खिलाड़ी (पुरुष या महिला) बनी थी। 

'मुशफिकुर की रनों की ललक कम नहीं हुई'

मुशफिकुर के प्रदर्शन पर भारत के पूर्व बल्लेबाज और आईसीसी वोटिंग अकादमी के सदस्य वीवीएस लक्ष्मण ने कहा, 'अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 15 साल तक क्रिकेट खेलने के बाद भी मुशफिकुर की रन बनाने की ललक कम नहीं हुई है।' उन्होंने कहा, 'उनकी इस उपलब्धि के मायने और बढ़ जाते है क्योंकि बांग्लादेश ने 1996 विश्व कप विजेता टीम के खिलाफ पहली बार एकदिवसीय श्रृंखला जीती है।' भारत के पूर्व बल्लेबाज ने कहा, 'मध्यक्रम को मजबूत करने और विकेटकीपिंग करने से उनकी फिटनेस और कौशल का पता चलता है।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!