अब ये दिग्गज भारतीय क्रिकेटर टी20 टीम में शामिल होने की कतार में नहीं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 5, 2022, 03:30 PM IST

Mohammed Shami, T20I's: टीम इंडिया के दिग्गज पेसर मोहम्मद शमी बेशक आज भी भारत के शीर्ष गेंदबाजों में शुमार किए जाते हैं लेकिन जहां तक बात है सबसे छोटे प्रारूप की, तो यहां उनका सफर लगभग समाप्त हो चुका है।

अब ये दिग्गज भारतीय क्रिकेटर टी20 टीम में शामिल होने की कतार में नहीं
Photo Credit: Twitter

भारतीय टी20 टीम में इस समय कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं और इन प्रयोगों की वजह है आगामी टी20 विश्व कप जो कि ऑस्ट्रेलिया में होना है। इसको नजर में रखते हुए टीम व चयनकर्ता उन तमाम खिलाड़ियों को आजमाना चाहते हैं जो आने वाले दिनों में विश्व स्तर पर टी20 में टीम का प्रतिनिधित्व कर सकें। वहीं, एक खिलाड़ी ऐसा भी है जो बेशक सफेद बॉल क्रिकेट में भारत के शीर्ष गेंदबाजों में से एक है लेकिन टी20 की रेस से अब वो बाहर हो गया है। हम बात कर रहे हैं भारतीय पेसर मोहम्मद शमी की।

मोहम्मद शमी वनडे और टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम का लगातार हिस्सा रहे हैं लेकिन टी20 क्रिकेट में वो टी20 विश्व कप 2021 के बाद से नहीं खेले हैं। 'इनसाइडस्पोर्ट' की एक रिपोर्ट के मुताबिक चयनकर्ता शमी को वनडे और टेस्ट में तो बरकरार रखना चाहते हैं लेकिन अब उनको टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ना रखने का मन बना लिया गया है। छोटे प्रारूप में वे युवाओं को ही आजमाना चाहते हैं।

चयन समिति के एक सदस्य ने पोर्टल को बताया, "शमी अब युवा नहीं हैं और हम उनको टेस्ट के लिए तरोताजा चाहते हैं। इसी वजह से उनको टी20 क्रिकेट में मौका नहीं दिया जा रहा है। टी20 विश्व कप के बाद हमारी उससे उसके कार्यभार को लेकर बातचीत हो चुकी है। अब यही हमारी रणनीति होगी। फिलहाल अब वो टी20 में हमारी रणनीति का हिस्सा नहीं हैं, हमारा फोकस युवाओं पर है।"

मोहम्मद शमी की स्थिति कुछ-कुछ भारतीय सीनियर खिलाड़ी शिखर धवन जैसी ही है जिनको टेस्ट और टी20 टीम में जगह नहीं मिल रही है लेकिन वनडे क्रिकेट में वो अब भी चयनकर्ताओं की रणनीति का हिस्सा हैं और टीम में बरकरार हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!