विराट कोहली की कप्‍तानी की खासियत का केएल राहुल ने किया खुलासा, कहा- उनकी विरासत आगे बढ़ाएंगे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 18, 2022, 09:26 PM IST

KL Rahul on Virat Kohli's captaincy: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया के कप्‍तान केएल राहुल ने पूर्व कप्‍तान विराट कोहली की जमकर तारीफ की। राहुल ने कहा कि वो कोहली की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।

विराट कोहली की कप्‍तानी की खासियत का केएल राहुल ने किया खुलासा, कहा- उनकी विरासत आगे बढ़ाएंगे

पार्ल: कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल ने मंगलवार को कहा कि भारत ने विराट कोहली के नेतृत्व में कुछ शानदार सफलताएं हासिल की और उन्होंने सात साल के अपने कार्यकाल के दौरान सभी के लिये नये मानक स्थापित किये। रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में राहुल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम की अगुवाई करेंगे।

उन्होंने पहले वनडे की पूर्व संध्या पर वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'विराट की अगुवाई में भारतीय टीम ने कुछ शानदार सफलताएं हासिल की। हम भारत से बाहर सीरीज जीते, जैसे पहले नहीं हुआ था। हम प्रत्येक देश में गये और हमने सीरीज जीती, इसलिए हमने कई अच्छी चीजें की और वह हम सभी के लिये और भारतीय टीम के लिये पहले ही मानक तय कर चुका है।'

कोहली की विरासत आगे बढ़ाने की कोशिश

कोहली ने दक्षिण अफ्रीका से टेस्ट सीरीज गंवाने के एक दिन बाद पिछले शनिवार को टेस्ट कप्तानी छोड़ने की घोषणा की थी। उनकी अगुवाई में भारत ने 68 टेस्ट मैचों में से 40 में जीत दर्ज की। उनके नेतृत्व में टीम पहली बार ऑस्ट्रेलिया से उसकी धरती पर टेस्ट सीरीज जीतने में सफल रही थी। राहुल ने कहा कि कोहली ने जो विरासत तैयार की है टीम उसे आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी।

उन्होंने कहा, 'यह मेरे लिये और पूरी टीम को उसे आगे बढ़ाने से जुड़ा है और निश्चित तौर पर हम जानते हैं कि चैंपियन टीम बनने के लिये हमें क्या करना होगा। इसलिए एक खिलाड़ी के रूप में सुधार जारी रखना और जहां तक संभव हो अनुशासित और दृढ़ बने रहना तथा अपने खेल का आनंद उठाना महत्वपूर्ण है।'

राहुल ने कहा कि वह अपने साथियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाने के लिये कोहली का अनुकरण करेंगे। उन्होंने कहा, 'जब नेतृत्व की बात आती है, तो विराट में हर खिलाड़ी से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाने की अद्भुत क्षमता थी। उन्होंने हर किसी का हौसला बढ़ाया और हमें यह विश्वास दिलाया कि हम कुछ खास कर सकते हैं। यह ऐसी चीज है जो मैंने उनसे सीखी है और उम्मीद है कि मैं भी टीम के साथ ऐसा करूंगा।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!