लंदन: इंग्लैंड के कप्तान जो रूट सात दिन के पृथकवास के नियम के कारण अगले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ आठ जुलाई से शुरू हो रहे पहले टेस्ट के लिए टीम से बाहर हो सकते हैं। 'टेलीग्राफ' की खबर के मुताबिक इसी तारीख के आस-पास उनकी पत्नी दूसरी बार मां बनने वाली है और अगर रूट इस समय परिवार के साथ रहे तो टीम से जुड़ने से पहले उन्हें सात दिन तक पृथकवास में रहना होगा।
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के दिशानिर्देशों के अनुसार रूट को राष्ट्रीय टीम में शामिल होने से पहले एक सप्ताह तक पृथकवास में रहना होगा। ईसीबी हालांकि लगातार अपने दिशानिर्देशों की समीक्षा कर रहा है और अगले महीने तक पृथकवास के नियम में ढील दी जा सकती है।
तीन मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट एजिस बाउल में आठ से 12 जुलाई तक खेला जाएगा जबकि दूसरा और तीसरा टेस्ट ओल्ड ट्रैफर्ड में 16 और 24 जुलाई से खेला जाएगा। वेस्टइंडीज की टीम इस सीरीज के लि 9 जून को इंग्लैंड पहुंचेगी और ओल्ड ट्रैफर्ड में पृथकवास पर रहेगी। टीम यही अभ्यास करेगी इसके बाद पहले टेस्ट के लिए एजिस बाउल रवाना होगी।
वेस्टइंडीज का गेंदबाजी आक्रमण परेशानी खड़ी कर सकती है : बर्न्स
इंग्लैंड के ओपनर रोरी बर्न्स का मानना है कि अगले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान मेहमान टीम अपनी गेंदबाजी आक्रमण से उनकी टीम के लिए मुसीबतें खड़ी कर सकती है। वेस्टइंडीज की टीम तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अगले महीने इंग्लैंड का दौरा करेगी।
बर्न्स ने स्काई स्पोटर्स से कहा, 'पिछली बार जब हम एक-दूसरे के खिलाफ खेले थे तो वो जीत गए थे, इसलिए वे निश्चित रूप से कमजोर नहीं हैं। उनके गेंदबाजी आक्रमण ने हमें काफी परेशान किया था। उनके पास काफी बेहतरीन गेंदबाज हैं और उनके पास रफ्तार भी है। उनके पास काफी अच्छे क्रिकेटर हैं और यह काफी कड़ी परीक्षा होगी, भले ही कोई भी क्रिकेटर आए।'
वेस्टइंडीज ने 18 महीने पहले इंग्लैंड को 2-1 से मात दी थी। बर्न्स उस 55 सदस्यीय ग्रुप का हिस्सा हैं, जिसे इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ईसीबी ने वेस्टइंडीज सीरीज से पहले अभ्यास पर लौटने को कहा है।

