दिल का दौरा पड़ने के बाद इंजमाम उल हक अस्पताल में भर्ती, सचिन तेंदुलकर ने कहा- आप इन हालात से भी...

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 28, 2021, 02:34 PM IST

Inzamam-ul-Haq suffers heart attack: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंजमाम की एंजियोप्लास्टी की गई, जिसके बाद वह अब बेहतर हैं।

दिल का दौरा पड़ने के बाद इंजमाम उल हक अस्पताल में भर्ती, सचिन तेंदुलकर ने कहा- आप इन हालात से भी...

लाहौर: Inzamam-ul-Haq in hospital after heart attack: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले क्रिकेटर इंजमाम उल हक को सांस लेने में तकलीफ और दिल से जुड़ी परेशानियों के कारण यहां एक निजी अस्पताल में एंजियोप्लास्टी करानी पड़ी। एक परिजन ने बताया कि इंजमाम को सोमवार को बेचैनी महसूस हुई और सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। 

उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां कई टेस्ट के बाद पता चला कि शायद उन्हें हल्का दिल का दौरा पड़ा था। डॉक्टरों ने उन्हें आपात एंजियोप्लास्टी की सलाह दी और मशहूर ह्र्दय रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर अब्बास काजिम ने एंजियोप्लास्टी की।

'इंजमाम को जल्दी ही छुट्टी मिल जाएगी'

एक परिजन ने कहा, 'इंजमाम अब बेहतर है और जल्दी ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।' पाकिस्तान के लिये 120 टेस्ट और 378 वनडे खेलने वाले 51 वर्ष के इंजमाम 2016 से 2019 तक मुख्य चयनकर्ता भी रहे। उनके कार्यकाल में ही पाकिस्तान ने 2017 में भारत को हराकर आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी। उन्हें 2019 विश्व कप के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के नये प्रबंधन ने पद छोड़ने के लिये कहा । वह 2016 टी20 विश्व कप में अफगानिस्तान के कोच भी रहे।

सचिन ने जल्द स्वस्थ होने की कामना की

भारत के चैम्पियन क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। तेंदुलकर ने ट्वीट किया, 'इंजमाम के जल्दी स्वस्थ होने की कामना करता हूं। आप मैदान पर हमेशा प्रतिस्पर्धी और जुझारू होने के बावजूद शांतचित्त रहे। उम्मीद है कि इन हालात से भी मजबूती से निकलोगे। जल्दी स्वस्थ होने की कामना।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!