बड़े दिनों बाद विराट कोहली ने जमकर की इस खिलाड़ी की तारीफ, मतलब टीम में जारी रहेगा नाम !

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 10, 2022, 08:27 PM IST

Virat Kohli on Ravichandran Ashwin: टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन दूसरे टेस्ट में ज्यादा कुछ नहीं कर सके लेकिन क्या इसके बावजूद उनका नाम टीम में बरकरार रहेगा। इस पर विराट कोहली ने दिया जवाब।

बड़े दिनों बाद विराट कोहली ने जमकर की इस खिलाड़ी की तारीफ, मतलब टीम में जारी रहेगा नाम !

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में रविचंद्रन अश्विन कुछ खास योगदान नहीं दे सके। पहली पारी में 46 रनों की पारी को छोड़ दें तो वो पूरे मैच में एक ही विकेट ले सके। अभी भी इंग्लैंड दौरा फैंस नहीं भूले होंगे जहां अश्विन को पूरा दौरा बेंच पर बैठाकर रखा गया था। विराट के साथ उनके मतभेद तक की खबरें आने लगी थीं। हालांकि भारत-दक्षिण अफ्रीका तीसरा टेस्ट शुरू होने से पहले विराट कोहली ने अश्विन की जमकर तारीफ करते हुए पूरी तस्वीर साफ कर दी है।

विराट कोहली ने कहा कि रविचंद्रन अश्विन किसी भी हालात में ऑल-राउंडर की भूमिका में खेल सकता है और वह इस प्रमुख ऑफ स्पिनर के हाल के वर्षों में बल्ले और गेंद से निरंतर प्रदर्शन से काफी प्रभावित हैं। कोहली ने कहा कि अश्विन ने चोटिल रविंद्र जडेजा की कमी की भरपायी शानदार तरीके से की है।सेंचुरियन में हारने के बाद मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने वांडरर्स में दूसरे टेस्ट में शानदार वापसी कर तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली।

कोहली ने तीसरे और अंतिम टेस्ट की पूर्व संध्या पर यहां कहा, ‘‘जडेजा की अहमियत और उसने टीम के लिये क्या किया है हर कोई समझता है लेकिन मुझे लगता है कि अश्विन हमारे लिये यह भूमिका काफी अच्छी तरह निभा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एश (अश्विन) जानता है कि उसके खेल में काफी तेजी से सुधार आया है, विशेषकर विदेशों में गेंदबाजी में। वह आस्ट्रेलिया दौरे के बाद यह खुद भी समझता है।’’

अश्विन ने दूसरे टेस्ट में 50 गेंद में 46 रन की पारी खेली और वह टीम के दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे जिससे पहले कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल ने 50 रन बनाये थे जिससे भारतीय टीम पहली पारी में 202 रन पर सिमट गयी थी। पहली पारी में वह कोई विकेट नहीं झटका सके लेकिन इस आफ स्पिनर ने दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में अपने 11.4 ओवर में 26 रन देकर एक विकेट झटका।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप पिछले टेस्ट में उसके बल्लेबाजी योगदान को देखोगे और उसने दूसरी पारी में जिस तरह से गेंदबाजी की, मुझे लगता है कि यह टीम के लिये शानदार योगदान था।’’ कोहली ने कहा, ‘‘वह बहुत ही सहज स्थिति में हैं जिसमें वह टीम के लिये योगदान करने का इच्छुक है और वह ऐसा सही तरीके से सही दिशा में कर रहा है।’’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!