भारत हारा लेकिन शार्दुल ठाकुर ने सबका दिल जीता, 8 नंबर पर बल्ले से कमाल करके दिखाया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 19, 2022, 10:27 PM IST

Shardul Thakur, India vs South Africa 1st ODI: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए पहले वनडे मैच में बुधवार को शार्दुल ठाकुर ने आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार पारी को अंजाम दिया।

भारत हारा लेकिन शार्दुल ठाकुर ने सबका दिल जीता, 8 नंबर पर बल्ले से कमाल करके दिखाया
Photo Credit: AP

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में बुधवार को दोनों टीमें आमनेे-सामने थीं। इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 296 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया जिसमें उनके दो बल्लेबाजों (बावुमा और रासी) के शतक शामिल थे। जवाब में उतरी टीम इंडिया को पहला झटका तो केएल राहुल के रूप में जल्दी लगा लेकिन उसके बाद शिखर धवन और विराट कोहली ने पचासे लगाकर संभाल लिया। हालांकि इनके आउट होने के बाद पारी लड़खड़ाती चली गई। भारत को 31 रन से हार तो मिली लेकिन उससे पहले शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) ने बल्लेबाजी से दिल जीत लिया।

शिखर धवन (79) और विराट कोहली (51) के अर्धशतकों से काफी उम्मीदें जगीं थीं। ऐसा लगा था कि दोनों दिग्गज भारत को सही स्थिति में पहुंचा देंगे लेकिन दोनों एक दूसरे के बाद जल्दी-जल्दी आउट आउट हुए जिसके बाद भारतीय मध्यक्रम भी लड़खड़ाता चला गया। जब 199 रन पर भारत के 7 विकेट गिर चुके थे, तभी शार्दुल ठाकुर पिच पर आए और अपनी शानदार बल्लेबाजी से उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों को चौंकाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने आज अपनी गेंदबाजी में सर्वाधिक 72 रन लुटाए थे और एक भी विकेट नहीं लिया था, जिसकी भरपाई उन्होंने बल्ले से की।

शार्दुल ठाकुर ने अपने वनडे करियर का पहला अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 43 गेंदों में नाबाद 50 रनों की पारी खेली जिसमें 5 चौके और 1 छक्का भी शामिल था। इसके अलावा उन्होंने जसप्रीत बुमराह (नाबाद 14) के साथ मिलकर नौवें विकेट के लिए 46 गेंदों में 51 रनों की साझेदारी को भी अंजाम दिया जिसने भारतीय फैंस को झूमने की कुछ वजह जरूर दी।

शार्दुल और बुमराह ने अंत में शानदार बल्लेबाजी तो की लेकिन ओवर कम पड़ गए। लेकिन जो दक्षिण अफ्रीकी टीम एक समय भारत को जल्द समेटने वाली थी, वो भारत के सिर्फ 8 विकेट ही चटका सके। भारत को 31 रन से हार जरूर मिली लेकिन मध्यक्रम के लिए शार्दुल ठाकुर जैसा ऑलराउंडर आगे के लिए राहत की खबर जरूर होगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!