वही मैदान और पाकिस्‍तान: हार्दिक ने मैच विनिंग पारी के बाद शेयर की मोटिवेशनल पोस्‍ट, चार साल पुरानी फोटो आई याद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 29, 2022, 08:06 PM IST

Hardik Pandya Shares Motivational Post: भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने एशिया कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ गेंद और बल्ले से जबरदस्त जलवा बिखेरा।

वही मैदान और पाकिस्‍तान: हार्दिक ने मैच विनिंग पारी के बाद शेयर की मोटिवेशनल पोस्‍ट, चार साल पुरानी फोटो आई याद
Photo Credit: AP

भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एशिया कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच विनिंग प्रदर्शन के बाद छाए हुए हैं। उनकी जमकर चर्चा हो रही है। कप्तान रोहित शर्मा से लेकर भारत के पूर्व क्रिकेटर्स पांड्या की सराहना करते नहीं थक रहे। बता दें कि पांड्या ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान के सामने गेंद और बल्ले से जबरदस्त जलवा बिखेरा और प्लेयर ऑफ द मैच बने। उन्होंने 3 विकेट चटकाने के अलावा 17 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए। उन्होंने छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई। भारत को 148 रन का लक्ष्य मिला था, जो उसने 5 विकेट के नुकसान पर 2 गेंद बाकी रहते हासिल किया।

पांड्या ने शेयर की मोटिवेशनल पोस्‍ट

पांड्या ने पाकिस्तान को हराने के बाद अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक मोटिवेशनल पोस्‍ट शेयर की, जिसमें दो तस्वीर भी हैं। उन्होंने साथ ही कैप्शन में लिखा, 'नाकामयाबी से कहीं अधिक बड़ी वापसी होती है।' गौरतलब है कि पांड्या पहली तस्वीर में स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर जाते हुए नजर आ रहे हैं और दूसरी फोटो में वह पाकिस्तान को हराने के बाद खुशी से अपना बल्ला उठाते हुए दिख रहे हैं। दरअसल, पहली तस्वीर साल 2018 की है, जब पांड्या को दुबई में पाकिस्तान खिलाफ पीठ में चोट के कारण स्ट्रेचर पर मैदान से ले जाया गया था। ऐसे में करियर को खतरे में डालने वाली चोट से वापसी के बाद उसी मैदान पर उसी विरोधी टीम के विरुद्ध धमाल मचाना पांड्या के के लिए किसी उपलब्धि से कम नहीं है।


'जब मुझे स्ट्रेचर पर ले जाया गया...'

चार साल पहले चोटिल होने के कारण पांड्या को लगभग तीन साल खेल से दूर रहना पड़ा। पांड्या ने बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए वीडियो में कहा, 'इस जीत से मैं बहुत खुश हूं क्योंकि यह हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण थी। एक टीम के रूप में हमें चुनौती दी गई थी। रविंद्र जडेजा ने जिस तरह से अच्छी बल्लेबाजी की उससे भी मैं खुश हूं।' उन्होंने कहा, 'मुझे वे सभी बातें याद आ रही थीं जब मुझे स्ट्रेचर पर ड्रेसिंग रूम ले जाया गया था। ऐसी परिस्थितियों से गुजरने और आज मौका मिलने पर आपको यह उपलब्धि जैसी लगती है।' 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!