बड़ी खबर: मंत्री व पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान की दोनों किडनी फेल, कोरोना का चल रहा है इलाज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 15, 2020, 04:58 PM IST

Chetan Chauhan critical: भारत के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में खेल मंत्री चेतन चौहान की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है।

बड़ी खबर: मंत्री व पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान की दोनों किडनी फेल, कोरोना का चल रहा है इलाज

लखनऊ: टीम इंडिया के पूर्व ओपनर और उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री चेतन चौहान की तबीयत ज्यादा खराब हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी किडनी फेल हो गई हैं और उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें लखनऊ में भर्ती कराया गया था लेकिन शुक्रवार रात उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया। उनकी तबीयत अभी भी गंभीर बनी हुई है। 

कोरोना से वो उबरने से पहले ही किडनी और ब्लड प्रेशर की समस्या उनके शरीर में पैदा हो गई थी। ऐसे में उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। हालत में सुधार नहीं आने पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया। जहां उनकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई है। 

11 जुलाई को कोविड 19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में भर्ती कराया गया था। तकरीबन एक महीने से वो अस्पताल में भर्ती हैं लेकिन शुक्रवार रात उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। स्थिति और ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें लाइफ सपोर्ट में रखा गया है। खबर आ रही है कि उनकी दोनों किडनी फेल हो गई हैं और स्थिति गंभीर बनी हुई है। 

भारत के लिए 1969 में टेस्ट डेब्यू करने वाले चेतन चौहान ने अपने क्रिकेट करियर में 40 टेस्ट और 7 एकदिवसीय मैच खेले। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 31 की औसत से 2084 रन बनाए। सुनील गावस्कर के साथ उन्होंने टीम इंडिया के लिए बतौर ओपनर शानदार साझेदारियां की। दोनों ने मिलकर बतौर ओपनर 3 हजार रन जोड़े। वहीं 7 वनडे में वो केवल 157 रन बना सके।

राजनीति के मैदान पर कदम रखने से पहले वो डीडीसीएक के 13 साल उपाध्यक्ष रहे। इसके बाद राजनीति में कदम रखने के बाद वो दो बार लोकसभा सांसद भी चुने गए। वर्तमान में उनके पास उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल खेल के अलावा सैनिक कल्याण, होमगार्ड, पीआरडी और नागरिक सुरक्षा मंत्रालय हैं।





End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!