रवि शास्त्री ने विराट कोहली को दी खास सलाह, बोले ऐसा करने से पुरानी लय में लौट आएगा 'किंग'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 27, 2022, 05:05 AM IST

Ravi Shastri advise to Virat Kohli: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली इस समय अपने करियर में एक बेहद कठिन दौर से गुजर रहे हैं। ऐसी स्थिति में टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने विराट कोहली को एक खास सलाह दी है।

रवि शास्त्री ने विराट कोहली को दी खास सलाह, बोले ऐसा करने से पुरानी लय में लौट आएगा 'किंग'
Photo Credit: Twitter

विराट कोहली इस समय अपने करियर के सबसे खराब दौर से गुजरते नजर आ रहे हैं। एक तरफ तो अब वो किसी भी प्रारूप में टीम इंडिया के कप्तान नहीं रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पिछले दो साल से उनके बल्ले से एक भी शतक नहीं लगा है और अगर टीम में सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर रहना है तो अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन में सुधार करके दिखाना जरूरी हो जाता है। ऐसे में पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने विराट कोहली को एक खास सलाह दी है।

रवि शास्त्री और विराट कोहली ने कोच-कप्तान की जोड़ी के रूप में लंबा समय साथ बिताया है और शास्त्री उनकी हर ताकत व कमजोरी से भी वाकिफ हैं। मौजूदा समय में पूर्व कप्तान विराट कोहली जिस दौर से गुजर रहे हैं उसको लेकर रवि शास्त्री ने एक सलाह दी है और उनके मुताबिक अगर विराट उनकी सलाह पर अमल करते हैं तो अगले तीन-चार साल एक शानदार खिलाड़ी के रूप में पूरी लय के साथ फिर मैदान पर उतर सकते हैं।

दरअसल, शास्त्री ने विराट कोहली को दो-तीन महीने का ब्रेक लेने की सलाह दी है। शास्त्री का मानना है कि अभी विराट में कम से कम 5 साल का अच्छा क्रिकेट बाकी है जिसके लिए उनको शांत रहते हुए अपनी बल्लेबाजी पर फोकस करने की जरूरत है। शास्त्री ने पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर से उनके यू-ट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा, "उसको अहसास है कि वो 33 साल का हो गया है, उसको ये भी अंदाजा है कि उसके अंदर अभी 5 साल का क्रिकेट बाकी है। अगर वो खुद को शांत रखते हुए बल्लेबाजी पर ध्यान देता है और एक बार में एक मैच के बारे में सोचता है और खेल से कुछ समय का ब्रेक लेता है तो उसको फायदा होगा।"

शास्त्री ने कहा, "मुझे लगता है कि अगर वो दो-तीन महीने आराम करता है या फिर सीरीज से ब्रेक लेता है, ये उसको बहुत फायदा पहुंचाएगा।" इसके अलावा उन्होंने कहा, "वापस लौटकर किंग के रूप में तीन-चार साल क्रिकेट खेलना। आपको पता है कि मानसिक रूप से वो तैयार है, वो जानता है कि उसका काम और भूमिका क्या है। मैं अब विराट कोहली को वहां देखना चाहता हूं, कि वो आए टीम प्लेयर के रूप में और योगदान दे और टीम को जीतने में मदद करे।"

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!