नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) ने हाल में विराट कोहली (Virat Kohli) को लेकर एक ऐसा बयान दिया जिसने सनसनी मचा दी। उन्होंने सीधे शब्दों में तो कुछ नहीं कहा लेकिन फिर भी उनका बयान काफी कुछ कह गया। विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने को लेकर पूर्व कोच शास्त्री ने कहा था कि बहुत लोगों को कप्तान के रूप में विराट कोहली का सफल कार्यकाल पचा नहीं होगा। उनके इस बयान को लेकर जब हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) से सवाल हुआ तो उन्होंने भी प्रतिक्रिया दी है।
भारत-दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया की हार के बाद जब अचानक विराट कोहली ने टेस्ट की कप्तानी छोड़ी तो कारणों को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जाने लगे। इसी बीच विराट कोहली के मुरीद रहने वाले कई लोगों ने बोर्ड पर भी सवाल उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पूर्व कोच रवि शास्त्री की बात करें तो वो हमेशा से विराट कोहली के कायल रहे हैं और उन्होंने विराट का समर्थन व तारीफ करते हुए कहा कि काफी ऐसे लोग हैं जिनको विराट का सफल कार्यकाल हजम नहीं हो रहा होगा।
रवि शास्त्री के इस बयान पर हाल में संन्यास का ऐलान करने वाले पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने 'स्पोर्ट्स तक' से बात करते हुए कहा- ये बहुुत बड़ा बयान है- रवि शास्त्री का ये कहना कि अगर विराट 15-20 टेस्ट मैच और जीत जाते और अपने सफल कप्तानी कार्यकाल में इजाफा करते तो कुछ लोगों को ये पचता नहीं। मुझे नहीं पता कि वो किसके बारे में बात कर रहे हैं, किसको ये पचता नहीं, लेकिन हम भारतीयों को इस पर बहुत गर्व होता। हम तो ये उम्मीद करते कि वो और 40 मैच जीतता और अगले कप्तान को उसके रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए दो बार कप्तानी करनी होती।"
विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टेस्ट टीम ने 68 मैचों में 40 मुकाबले जीते। वो टेस्ट इतिहास में भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तान रहे। पिछले कुछ महीनों से एक के बाद एक अलग-अलग प्रारूपों में विराट कोहली कप्तानी से अलग होते नजर आए। पहले उन्होंने खुद टी20 की कप्तानी छोड़ी, फिर बीसीसीआई ने उनको वनडे की कप्तानी से हटा दिया और अब विराट ने खुद टेस्ट की कप्तानी भी छोड़ दी।

