दिनेश कार्तिक ने फिर साबित किया उम्र महज एक नंबर, ये कारनामा करने वाले बने पहले भारतीय क्रिकेटर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 18, 2022, 09:59 AM IST

Dinesh Karthik's Player of the Match Record: दिनेश कार्तिक ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे टी20 मैच में दमदार अर्धशतकीय पारी खेलाी। वह छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे।

दिनेश कार्तिक ने फिर साबित किया उम्र महज एक नंबर, ये कारनामा करने वाले बने पहले भारतीय क्रिकेटर
Photo Credit: AP

भारत ने शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका को चौथे टी20 में 82 रन से शिकस्त देकर सीरीज में 2-2 से बराबरी कर ली। भारत ने 169/6 का स्कोर बनाया और मेहमान टीम को 16.5 ओवर में  87 रन पर ढेर कर दिया। टीम इंडिया की जीत में अनुभवी बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मुश्किल वक्त में तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली और साबित कर दिया कि उम्र महज एक नंबर है। कार्तिक ने छठे नंबर पर उतरे के बाद 27 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों के दम पर 55 रन बनाए। यह कार्तिक के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक है।

ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय 

कार्तिक को मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। उन्होंने अवॉर्ड जीतने के साथ ही एक बड़ा कारनामा अंजाम दे डाला। दरअसल, कार्तिक पुरुषों के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार जीतने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बन गए हैं। उन्होंने 37 साल और 16 दिन की उम्र में अवॉर्ड जीता है। वहीं, उनसे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जो 2021 में 34 साल और 216 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।  

कार्तिक ने धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा

बता दें कि कार्तिक ने रोहित के अलावा धोनी का भी एक रिकॉर्ड ध्वस्त किया है। कार्तिक अब धोनी को पछाड़कर भारत के लिए सबसे अधिक उम्र में टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक जड़ने वाले क्रिकेटर बन गए हैं। धोनी ने 36 साल 229 दिन की उम्र में 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में फिफ्टी ठोकी थी। उस मैच में धोनी के बल्ले से 43 गेंदों में नाबाद 52 रन की पारी निकली थी। यह धोनी के अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का दूसरा अर्धशतक था। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!