Deepak Chahar in India vs Zimbabwe 1st ODI, IND vs ZIM, India tour of Zimbabwe: जिंबाब्वे दौरे पर भारत ने जीत के साथ शुरुआत की है। तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने 10 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। इस जीत के कई हीरो रहे लेकिन सबसे बड़े स्टार बने दीपक चाहर जिन्होंने 6 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की और आते ही धमाकेदार प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया।
मैच में भारत ने टॉस जीतकर जिंबाब्वे को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था। जिंबाब्वे की टीम ने हाल में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में शानदार जीत दर्ज की थी इसलिए उनके बल्लेबाजों से काफी उम्मीदें थीं। लेकिन एक खिलाड़ी ने इन उम्मीदों को ढेर कर दिया। ये कोई और नहीं बल्कि भारतीय पेसर दीपक चाहर रहे।
ऐसा रहा प्रदर्शन
भारत ने 31 रन के स्कोर के अंदर जिंबाब्वे के चार विकेट गिरा दिए थे। इसमें दीपक चाहर का सबसे महत्वपूर्ण योगदान रहा जिन्होंने तीन विकेट झटके। उन्होंने जिंबाब्वे के दोनों ओपनर्स को सस्ते में आउट किया और उसके बाद 11वें ओवर में अपना तीसरा विकेट झटका। चाहर ने 7 ओवर में 27 रन देते हुए 3 विकेट झटके। वैसे,प्रसिद्ध कृष्णा और अक्षर पटेल ने भी 3-3 विकेट लिए लेकिन चाहर की वापसी और उनका प्रभाव ज्यादा दिल जीतने वाला रहा। वो 'मैन ऑफ द मैच' बने।
फैंस ने कर डाली ये दो मांग
इस दौरान भारतीय क्रिकेट फैंस ने भी सोशल मीडिया पर दीपक चाहर को लेकर तमाम तरह की मांग सामने रखना शुरू कर दी। इसमें सबसे प्रमुख मांग है चाहर को एशिया कप 2022 की मुख्य टीम में जगह देना। गौरतलब है कि चाहर एशिया कप की मुख्य टीम में शामिल नहीं हैं, लेकिन वो तीन स्टैंडबाय खिलाड़ियों में से एक हैं।
इसके अलावा फैंस ने ये भी मांग की है कि दीपक चाहर ने जिस तरह से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चोट से उबरते हुए छह महीने बाद वापसी की है, अब उनको टी20 विश्व कप के लिए तैयार होने वाली टीम इंडिया में जगह जरूर दी जानी चाहिए।

