Mumbai Indians: कोरोना ने इस तरह दिया मुंबई इंडियंस को सुनहरा मौका, टीम फिर कायम कर सकती है बादशाहत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 9, 2022, 05:00 AM IST

Mumbai Indians Team : कोरोना वायरस महामारी का सबसे ज्यादा फायदा पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को मिलेगा क्योंकि उसे अपने घरेलू मैदानों पर सभी मैच खेलने का मौका मिलेगा। इससे मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा भी काफी खुश हैं और उनके पास एकबार फिर आईपीएल खिताब जीतने का मौका है।

Mumbai Indians: कोरोना ने इस तरह दिया मुंबई इंडियंस को सुनहरा मौका, टीम फिर कायम कर सकती है बादशाहत
Photo Credit: Twitter

Mumbai Indians Team: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)  का 15वां संस्करण कोरोना वायरस महामारी के कारण इस सीजन सिर्फ एक ही राज्य में खेला जाएगा और यह राज्य महाराष्ट्र है। लीग के सभी मुकाबले महाराष्ट्र में खेले जाएंगे और इसका सबसे ज्यादा फायदा पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को मिलेगा। रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे सफल टीम है और उसने सर्वाधिक पांच बार खिताब जीता है। लेकिन पिछले सीजन 2021 में मुंबई इंडियंस की टीम खिताब बचाने में विफल रही थी। लेकिन अब मुंबई के पास एकबार फिर खिताब जीतने का शानदार मौका है।

रिकॉर्ड छठा खिताब जीत सकते हैं रोहित

आईपीएल के 14वें संस्करण में मुंबई इंडियंस की टीम बतौर चैंपियन उतरी थी लेकिन उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह फाइनल में जगह नहीं बना सकी। मुंबई की टीम ने 14 लीग मुकाबलों में से सिर्फ सात जीते और सात हारे। इस तरह से मुंबई इंडियंस अंकतालिका में पांचवें स्थान पर रही। लेकिन इस बार मुंबई की टीम को घरेलू मैदान पर खेलने का मौका मिला है।

किसी भी टीम के लिए घरेलू परिस्थितियों में खेलना काफी फायदेमंद रहता है। रोहित शर्मा मुंबई के ही रहने वाले हैं और वह यहां के सभी मैदानों पर काफी क्रिकेट खेले हैं। खासतौर पर ऐतिहासिक वानखेडे स्टेडियम की पिच और माहौल से वह काफी अच्छी तरह से वाकिफ हैं। रोहित शर्मा घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाना चाहेंगे और उनकी कोशिश रिकॉर्ड छठा खिताब जीतकर एकबार फिर बादशाहत कायम करने पर होगी।

इन स्टेडियम में खेले जाएंगे मुकाबले

आईपीएल-2022 के मुकाबले मुंबई के तीन और पुणे के एक स्टेडियम में खेले जाएंगे। मुंबई में जो मैच खेले जाएंगे, वे वानखेडे, ब्रेबोन और डीवाई पाटील स्टेडियम में आयोजित होंगे। वहीं, कुछ मुकाबले पुणे के एमसीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे। मुंबई की टीम इस सीजन अपना पहला मुकाबला 27 मार्च को ब्रेबोन स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलने के लिए उतरेगी। 

ग्रुप-ए में मुंबई की टीम

आईपीएल का यह सीजन काफी अलग होगा और आठ के बजाय 10 टीमों खिताब के लिए चुनौती पेश करने के लिए उतरेगी। टीमों की संख्या बढ़ने के कारण टूर्नामेंट में पहली बार दो ग्रुप बनाए गए हैं। प्रत्येक ग्रुप में 5-5 टीमों को जगह दी गई है।  मुंबई इडियंस को ग्रुप-ए मं जगह दी गई है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!