Gorakhpur News: गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र में स्थित घासी कटरा पुलिस चौकी के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक सोलर लाइट के स्ट्रीट पोल पर चढ़कर लंबे समय तक हंगामा करता रहा। युवक का कहना था कि उसके जरूरी दस्तावेज और पारिवारिक संपत्ति उसके नाम की जाए। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, युवक काफी देर तक पोल पर बैठकर रोता और चिल्लाता रहा। बाद में किसी स्थानीय व्यक्ति ने इस घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की रेस्क्यू टीम और तिवारीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और रेस्क्यू टीम को देखकर युवक और ज्यादा आक्रोशित हो गया और उसने अपनी ही जैकेट में आग लगा ली, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
बहुत समझाने का बाद माना युवक
स्थिति गंभीर होती देख रेस्क्यू टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और युवक तक पहुंचकर उससे जल रही जैकेट अलग की, जिससे आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद काफी देर तक समझाने और कड़ी मेहनत के बाद युवक को सुरक्षित तरीके से नीचे उतार लिया गया। रेस्क्यू के दौरान युवक लगातार रोता रहा और खुद को छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन टीम ने धैर्य और समझदारी दिखाते हुए उसकी जान बचा ली।
मानसिक तनाव और डिप्रेशन जूझता सत्यम
जानकारी के अनुसार युवक का नाम सत्यम बताया जा रहा है, जो पारिवारिक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद के कारण मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रहा था। इसी तनाव में उसने यह खतरनाक कदम उठाया। रेस्क्यू के बाद उसे तिवारीपुर थाने की पुलिस को सौंप दिया गया, जहां पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
