शहर

दो दिन से लापता थे दोनों, होटल में खाया जहरीला पदार्थ; सहारनपुर में युवक और नाबालिग की मौत से सनसनी

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक युवक और नाबालिग लड़की ने कथित तौर पर होटल में जहरीला पदार्थ लेकर आत्महत्या कर ली। दोनों कुछ दिन पहले अपने घर से लापता थे और उनकी मौत की जांच पुलिस कर रही है। शुरुआती रिपोर्टों में यह भी सामने आया कि लड़की के पिता ने युवक पर अपहरण का आरोप लगाया है।

Image

सहारनपुर में होटल में जहरीला पदार्थ खाकर युवक और नाबालिग ने की आत्महत्या (सांकेतिक फोटो)

Saharanpur Hotel Suicide: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक युवक और एक नाबालिग लड़की ने कथित रूप से होटल में जहरीला पदार्थ लेकर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को साझा की। पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय युवक और लगभग 16 वर्षीय लड़की अपने घर से दो दिन पहले से लापता थे। जांच में पता चला कि लड़की के पिता ने युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। दोनों एक ही संप्रदाय से संबंधित थे और मुजफ्फरनगर जिले के बुढाना थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी थे।

वीडियो कॉल के जरिए दिखाया जहरीले पदार्थ

पुलिस के मुताबिक, अजमल वीडियो कॉल के जरिए अपने फुफेरे भाई रिजवान से संपर्क में था। इस दौरान उसने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का एक पैकेट दिखाया। रिजवान की बार-बार रोकने की कोशिशों के बावजूद अजमल ने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने बताया कि रिजवान ने तुरंत अपने परिवार को इसकी सूचना दी, जो शुक्रवार की शाम होटल पहुंच गए और दोनों को बेहोशी की स्थिति में पाया।

प्राथमिकी में ऐसे-ऐसे बताई गई उम्र

पुलिस के मुताबिक, दोनों को तुरंत रामपुर मनिहारान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें शामली के एक उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि शामली के एक प्राइवेट अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, लड़की के पिता ने अपहरण की प्राथमिकी में उसकी उम्र 14 वर्ष बताई थी, जबकि अजमल के परिवार का दावा है कि उसकी उम्र 18 वर्ष थी।

मामले का जांच जारी

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और मृतकों की उम्र की पुष्टि की जा रही है। नानौता थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) नवीन कुमार ने बताया कि मुजफ्फरनगर जिले के निवासी अजमल (26) दो दिन पहले लड़की के साथ नानौता के एक होटल में आए थे और अपना आधार कार्ड दिखाकर कमरा लिया था। कुमार ने बताया कि लड़की के पिता ने अजमल पर बहला फुसलाकर लड़की को भगा ले जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article