शहर

Pratapgarh: पंचायत ने सुनाया तालिबानी फरमान, पेड़ पर बांधकर महिला के मुंह पर कालिख पोती-बाल काटे; फिर पुलिस की हुई एंट्री

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 29, 2024, 02:49 PM IST

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में पंचायत के आदेश पर एक महिला के बाल काटकर उसके मुंह पर कालिख पोती गई। इस मामले में अबतक 20 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

Image

प्रतिकात्मक

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

प्रतापगढ़: यूपी में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। यहां अब कानून को ताक पर रखकर पंचायतें अपना फरमान सुना रही हैं। ताजा मामला जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र से आया है, जहां कथित रूप से पंचायत के फरमान पर एक महिला को पेड़ से बांधकर उसके बाल काट दिए गए और मुंह पर कालिख पोत दी गई। पुलिस ने इस मामले में 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

महिला का था प्रेम प्रसंग

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) संजय राय ने सोमवार को बताया कि हथिगवां थाना क्षेत्र के छोटकी इब्राहिमपुर गांव में एक विवाहिता का अपने ही गांव के एक विवाहित व्यक्ति से कथित तौर पर प्रेम प्रसंग था। राय के अनुसार, प्रेम प्रसंग का पता लगने पर महिला का पति मुंबई से लौटा। रविवार को महिला के मायके के लोगों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में महिला और उसका प्रेमी भी मौजूद था।

प्रेमी की पिटाई

ऐसा आरोप है कि पंचायत ने गांव के मान-सम्मान के लिए दोनों को सजा का फरमान सुनाया, जिसके तहत लोगों ने महिला को पेड़ से बांधकर उसके बाल काट दिए और मुंह पर कालिख पोत दी। जब प्रेमी ने महिला को बचाने का प्रयास किया तो उसकी पिटाई की गई, जिसके बाद वह मौके से भाग गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और पीड़िता को थाना ले आई। थाना प्रभारी निरीक्षक नंद लाल सिंह की तहरीर पर 20 लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सोमवार को 15 लोगों को गिरफ्तार किया। एएसपी राय के मुताबिक, पांच आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

(इनपुट-भाषा)

End of Article