Varanasi News: वाराणसी जिले में नाव पर सवार होकर बीयर पीते एक युवक का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कार्रवाई की। डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार की निगरानी में पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान कर उसे मंगलवार की सुबह अस्सी घाट इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया युवक अर्जुन राजभर (25 वर्ष) निवासी नगवां नाव डेकोरेटर बताया जा रहा है, जो अपने साथियों के साथ अस्सी से मिर्जापुर की ओर गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शाम को निकला था और रात में अदलहाट पहुंच गया था।
प्रशासन में मच गई हलचल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, माता शीतला को बधाई देने के लिए जा रहे नाविकों की नाव पर बीयर पीते और डीजे बजाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हलचल मच गई है। नाविक प्रेम साहनी की शिकायत पर भेलूपुर थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है। यह घटना शीतला घाट से अदलहाट स्थित शीतला माता मंदिर तक गंगा मार्ग से जाने के दौरान हुई थी। वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही एसीपी दशाश्वमेध ने मामले की जांच शुरू की और मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी दशाश्वमेध ने दी यह जानकारी
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि मांझी समाज हर साल शीतला घाट से मिर्जापुर के अदलहाट स्थित शीतला माता मंदिर तक पूजा-अर्चना के लिए नाव यात्रा का आयोजन करता है। इसमें अन्य जिलों से भी नाविक शामिल होते हैं। नाविक गंगा के मार्ग से नाव चलाते हुए डीजे के संगीत का आनंद लेते हैं। रविवार की शाम लगभग 5:30 बजे सभी नाविक शीतला घाट से अदलहाट की ओर रवाना हुए।
बीयर पीते नजर आया नाविक
नाविक सोमवार की देर शाम तक वाराणसी लौटते हैं। दो वायरल वीडियो दिन के समय के हैं, जिनमें डीजे बज रहा है। वहीं, एक वीडियो देर शाम का बताया जा रहा है, जिसमें एक नाविक बीयर पीते नजर आ रहा है। हालांकि, यह वीडियो मिर्जापुर के सीमा क्षेत्र का होने के कारण भेलूपुर, दशाश्वमेध सर्किल में अन्य नाविकों से आरोपी की पहचान कराई गई, लेकिन किसी ने उसे पहचान नहीं पाया।
