वाराणसी

Varanasi स्टेशन पर अब कम पैसों में ठहर सकेंगे यात्री, खुलेगा बजट होटल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 1, 2023, 08:37 PM IST

Varanasi Station: वाराणसी के मंडुआडीह स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है। अब यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर यहां एक होटल बनाए जाने को लेकर कवायद तेज हो गई है। अधिकारियों ने होटल के लिए स्थल निरीक्षण भी कर लिया है। अब बहुत जल्द निर्माण को लेकर अंतिम मंजूरी मिलने की पूरी संभावना है।

Image

वाराणसी का मंडुआडीह स्टेशन जहां बनाया जाना है बजट होटल

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • स्टेशन के दूसरे गेट के पहले तल पर 7.5 हजार वर्गफीट में बनेगा होटल
  • भौतिक सत्यापन कर आरएलडीए अपने अधिकारियों को भेजेगी रिपोर्ट
  • होटल के संचालन से रेलवे की बढ़ जाएगी आय

Varanasi News: वाराणसी स्टेशन (मंडुआडीह) पर एयरपोर्ट की तर्ज पर बजट होटल खुलेगा। यहां उचित दर पर यात्री विश्राम कर सकेंगे। स्टेशन परिसर के दूसरे गेट के पहले तल पर 7.5 हजार वर्गफीट की जगह खाली पड़ी है। इस जगह को अधिकारियों ने बजट होटल खोलने के लिए चिह्नित किया है। अब पहले चरण में भौतिक सत्यापन करके उच्च अधिकारियों को रेल लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (आरएलडीए) अपनी रिपोर्ट भेजेगी। एनएसजी-3 श्रेणी के वाराणसी स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण उनके विश्राम करने के लिए बजट होटल की जरूरत काफी दिनों से महसूस हो रही थी।

तमिल संगमम् के दौरान बजट होटल पर हुआ था विचार

हाल में वाराणसी में तमिल संगमम् के आयोजन के दौरान इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन की सीएमडी, मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक और पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अधिकारियों ने बजट होटल को लेकर मंथन किया था। इस पर आईआरसीटीसी ने बजट होटल खोले जाने पर अपनी इच्छा जताई थी। इस बारे में आईआरसीटीसी के उत्तर क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा का कहना है कि, वाराणसी स्टेशन पर बजट होटल खोलने के लिए विभागीय अधिकारी विचार-विमर्श कर रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर यह योजना बनाई जा रही है।

चिह्नित जगह पर पहले खुलना था मल्टी शॉपिंग स्टोर व कैफेटेरिया

स्टेशन के दूसरे गेट के ऊपर पहले तल के निर्माण के बाद से खाली जगह के इस्तेमाल को लेकर कई प्लान तैयार किए गए हैं। पहले रेल अधिकारियों ने इस जगह मल्टी शॉपिंग स्टोर एवं कैफेटेरिया खोलने का प्रस्ताव रखा था। टेंडर भी निकाल दिया गया था, लेकिन किसी ने इस जगह पर उक्त स्टोर खोलने के लिए रुचि नहीं दिखाई थी। इसके बाद अब उक्त जगह पर बजट होटल खोले जाने को लेकर विचार-विमर्श किया जा रहा है। इस होटल के खुलने से रेलवे की आय में भी काफी इजाफा होगा।

5 प्रमुख ट्रेनों का यहां है ठहराव

बता दें वाराणसी स्टेशन पर हर दिन 15 हजार यात्री आते-जाते हैं। 5 प्रमुख ट्रेनें यहां ठहरती हैं। 21 अनारक्षित एवं मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें परिचालित होती हैं। ऐसे में यहां लंबे समय से बजट होटल के संचालन की जरूरत थी। आईआरसीटीसी के अधिकारी का कहना है कि, उनके स्तर पर इस होटल का संचालन कराया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!