उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में इन दिनों आई लव मोहम्मद की गूंज सुनाई पड़ रही है। कानपुर से शुरू हुआ विवाद और राज्य के कोने-कोने में पहुंचने लगा है। उन्नाव, महाराजगंज, भदोही के बाद अब काशी की गलियों में भी आई लव मोहम्मद की गूंज सुनाई पड़ी है। नाबालिग बच्चे ये जुलूस निकालकर धार्मिक नारेबाजी कर रहे हैं। घटना के बाद अब सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं।
वाराणसी के सिगरा स्थित लल्लापुरा इलाके में कुछ नाबालिक बच्चों ने एक जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल बच्चे धार्मिक नारे लगा रहे थे। बच्चों के हाथों में आई लव मोहम्मद का बैनर था और गली-गली घूमकर यही नारा लगा रहे थे।
घटना से संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद वाराणसी पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर बीस नाबालिक बच्चों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि बच्चों के पास जुलूस निकालने के लिए परमिशन नहीं थी, लिहाजा उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
मुस्लिम इलाकों में ट्रेंड कर रहा है नारा
आई लव मोहम्मद का ट्रेंड वाराणसी में तेजी से बढ़ रहा है सिगरा के अलावा दालमंडी, जैतपुर सहित कुछ अन्य मोहल्लों में भी जुलूस निकालने की कोशिश की गई। हालांकि, पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जुलूस को रोक दिया।
मुस्लिम मोहल्ले के रहने वाले लोगों में गुस्सा देखने को मिल रहा है। उनका कहना था कि जिस तरह से कानपुर में आई लव मोहम्मद का बोर्ड लगाने के नाम पर पुलिस ने कार्रवाई की वह सरासर गलत है। हजरत मोहम्मद पैगंबर के प्रति आस्था दिखाने का हक हर किसी को है और इसे कोई नहीं छीन सकता।
