वाराणसी

Sarnath-Ring Road Flyover: सारनाथ से रिंग रोड तक बनेगा फ्लाईओवर, एयरपोर्ट से सारनाथ पहुंचना होगा बेहद आसान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 10, 2023, 03:07 PM IST

Sarnath-Ring Road Flyover Construction: वाराणसी का नए साल में बहुत सौगातें मिलने वाली हैं। परिवहन के क्षेत्र में लगातार नई-नई योजनाएं धरातल पर उतर रहीं हैं। अब रिंग रोड से सारनाथ तक फ्लाईओवर बनाने की कवायद तेज हो गई है। बहुत जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के लिए टेंडर निकाल दिया जाएगा। इस फ्लाईओवर के बन जाने के बाद यात्रियों का एयरपोर्ट पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा।

Image

सारनाथ से रिंग रोड तक बनेगा ऐसा फ्लाईओवर (फाइल फोटो)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • निगम ने फ्लाईओवर की जमीन का पूरा हो गया है सर्वे
  • फ्लाईओवर बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण की नहीं पड़ेगी जरूरत
  • पार्किंग के लिए फ्लाईओवर के पास जमीन की तलाश जारी


Varanasi New Flyover: वाराणसी शहर में जाम की समस्या काफी बढ़ गई है। पर्यटकों की संख्या में भी काफी वृद्धि हुई है। ऐसे में शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए योजनाओं पर तेजी से काम शुरू कर दिया गया है। रिंग रोड से सारनाथ तक फोरलेन फ्लाईओवर बनाने का काम बहुत जल्द शुरू होने वाला है। यह फ्लाईओवर सी आकार में बनाया जाना है। इसके निर्माण के लिए विस्तृत योजना बनाई जा रही है। सेतु निगम ने जमीन का सर्वे कर लिया है। रिंग रोड से सारनाथ तक का सफर फ्लाईओवर से आसान हो जाएगा।

दरअसल, यह फ्लाईओवर जमीन अधिग्रहण किए बिना ही बनाया जाएगा। सारनाथ में फ्लाईओवर के पास पार्किंग के लिए जमीन की खोज की जा रही है। पार्किंग चार मंजिला बनाई जाएगी। बता दें निकटतम भविष्य में इस फ्लाईओवर से आने वाले बड़े वाहनों को सारनाथ के बाहरी हिस्से में रोक दिया जाएगा।

फ्लाईओवर के पास ओपन थिएटर भी बनेगा

विभागीय अधिकारी के मुताबिक फ्लाईओवर के पास पार्किंग के अलावा ओपन थिएटर भी बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। इसकी विस्तृत योजना बनाई जा रही है। इसके अतिरिक्त शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए सड़कें चौड़ी की जाएंगी। चौराहे चौड़े किए जाएंगे। इससे लोगों का सफर कम समय में पूरा होगा। वाहन चालकों के ईंधन की भी बचत होगी।

20 चौराहे एवं सड़कें होंगी चौड़ी

शहर के 20 चौराहे एवं सड़कें चौड़ी होंगी। जी-20 के पहले यह काम होना है। इसकी कार्ययोजना तैयार है। सड़कों एवं चौराहों को चौड़ा पीडब्ल्यूडी, नगर निगम एवं अन्य विभाग मिलकर कराएंगे। सड़कें एवं चौराहे चौड़े होने के बाद वाहन जाम में नहीं फंसेंगे। इससे यातायात सुचारू रूप से चल सकेगा। इस कार्य के लिए पीडब्ल्यूडी ने 20 करोड़ रुपए का प्रस्ताव बनाया है। शहर के अंदर की सड़कों के किनारे इंटरलॉकिंग, पार्किंग एवं जहां जगह बची है वहां फुटपाथ बनाया जाएगा।

यह सड़कें व चौराहे होंगे चौड़े

शहर में मिंट हाउस से कक्कड़ पेट्रोल पंप तक, ताज होटल से नदेसर तक सड़क चौड़ी होगी। मरी माई तिहारे और उसके पास स्थित मंदिर की परिस्थापना की जाएगी। बीएचयू से रविदास घाट मार्ग तक, चौका घाट से नमो घाट तक, मकबूल आलम रोड, संत अतुलानंद से भोजूबीर तिराहा, लहुराबीर से मैदागिन, भोजबूबीर तिराहे से बड़ा लालपुर मार्ग तक सड़क चौड़ी की जाएगी। इसी के साथ चेतगंज से गिरजाघर, वरुणा पुल से नदेसर, नदेसर से अंधरा पुल, अंधरा पुल से लहुराबीर, पुलिस लाइन से आशापुर, लहुराबीर से चेतगंज, तेलियाबाग से सिगरा, सिगरा से महमूरगंज,रथयात्राा से बीएचयू मार्ग, रथयात्रा से मंडुवाडीह, मंडुवाडीह से बीएचयू मार्ग तक सड़क चौड़ी की जाएगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article