Vadodara Accident: वडोदरा शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अतलादरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के सन फार्मा रोड पर देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच एक कार ने अभिषेक मोरे नामक युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह उसका एक प्राइवेट कंपनी में फूड डिलीवरी बॉय के तौर पर ड्यूटी का पहला ही दिन था।
कौन चला रहा था कार?
इस दुर्घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार में तीन युवतियां सवार थीं, जो एक शादी समारोह से लौट रही थीं। कार 19 वर्षीय ऋषिका सदनानी चला रही थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गाड़ी में उसके साथ तनीषा और विस्मयी पटेल नाम की दो अन्य लड़कियां भी मौजूद थीं।
मामले की जांच जारी
बताया जा रहा है कि ड्राइवर एक यूनिवर्सिटी की प्रथम वर्ष की छात्रा है। डीसीपी जोन-2 मंजीता वंजारा का कहना है कि, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि वाहन ओवरस्पीड था या नहीं और चालक नशे की हालत में थी या नहीं। मेडिकल जांच पूरी हो चुकी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हुए सड़क हादसे
इससे पहले भी, वडोदरा में रफ्तार का कहर देखा गया था। गौरतलब है कि, वडोदरा शहर के रावपुरा क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर ट्रैफिक सिग्नल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग घबरा गए और कुछ समय के लिए इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी अधिक थी। बता दें कि पिछले साल 13 मार्च को भी शहर में एक यूनिवर्सिटी के लॉ छात्र रक्षित चौरसिया ने कई वाहनों को टक्कर मार दी थी। उस हादसे में सात लोग घायल हुए थे और एक महिला की जान चली गई थी।
