शहर

विदाई से पहले उत्तराखंड में मानसून का कहर, कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट, चमोली में फटा बादल

Uttarakhand Weather: मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अत्यधिक भारी बारिश के अलर्ट के बीच देहरादून जिले में 1 से 12 तक के स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है।

Image

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट (फोटो - Canva)

Uttarakhand Weather: मानसून की विदाई से पहले उत्तराखंड में आफत की बारिश बरस रही है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश में लगातार तेज बारिश हो रही है। बीते दिनों देहरादून में बादल फटने से भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। अभी देहरादून में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से लोग उभर भी नहीं पाए थे कि चमोली में बादल फटने की खबर सामने आ गई।

भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन जैसी घटनाओं से यहां लोग खौफ में है। मानसून कि विदाई से पहले हो रही जोरदार बारिश उत्तराखंड में कहर बरसा रही है। बारिश के बाद तेज बहाव के कारण कई लोगों के घर उजड़ गए। गांवों, शहरों और कस्बों को जोड़ने वाले पुल टूटकर बिखरने लगे हैं। पहाड़ों से आ रहे मलबे के कारण कई रास्ते बंद हो गए, जिससे कई इलाकों से संपर्क टूट गया। तबाही के इस खौफनाक मंजर के बीच मौसम विभाग ने आज भी उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, उधम सिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़, और बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन सभी जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। इसके अलावा चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। करीब 23 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा।

देहरादून में भारी बारिश के कारण स्कूल रहेंगे बंद

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून द्वारा आज, 18 सितंबर को 1 से 12 कक्षा तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश की घोषणा की गई है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article