शहर

Uttarakhand News: ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गहरी खाई में गिरी टैक्सी, दो लोगों की दर्दनाक मौत, तीन घायल

Uttarakhand News: ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। पाली पुलिया के पास खाई में गिरी टैक्सी चंडीगढ़ से चमोली जा रही थी। वाहन में 5 लोग सवार थे, तीन लोगों का इलाज जारी है।

Image

चंडीगढ़ से चमोली जा रही टैक्सी खाई में गिरी

Photo : ANI

Uttarakhand News: उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाली पुलिया के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, यह दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी चंडीगढ़ से चमोली की ओर जा रही थी। देवप्रयाग कोतवाली के कोतवाल कृष्ण कांत ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के वक्त इस टैक्सी में कुल पांच लोग सवार थे। ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर पाली पुलिया के पास पहुंचते ही अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में वाहन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है।

SDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। खाई में गिरे वाहन और उसमें सवार अन्य तीन लोगों की तलाश और सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चलाया गया। पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षा के लिहाज से यह हादसा एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। रेस्क्यू कर तीन लोगों को बाहर निकाल लिया गया है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

घायलों का इलाज जारी

पंकज भट्ट, SDM, कीर्ति नगर ने बताया, "यह घटना 5:45 की है और बताया जा रहा है कि यात्री चंडीगढ़ के हैं। यह गाड़ी चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही थी। सूचना मिलते ही देवप्रयाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। SDRF को भी सूचित किया गया और वे भी मौके पर पहुंचे हैं। कार में 5 लोग सवार थे, जिनमें से 2 की मौत हो गई। अन्य 3 लोगों को बचा लिया गया है और वे खतरे से बाहर हैं। उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article