फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पति की कथित हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक महिला ने अपने पति को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया और बाद में घटना को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 26 जून की है। मृतक की पहचान अवधेश उर्फ पवन के रूप में हुई है। आरोप है कि उसकी पत्नी प्रीति उर्फ विनीता ने शराब के नशे में घर आए पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और आसपास के लोगों को घर में आग लगने की सूचना दी।
सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। दरवाजा खोलने पर अवधेश गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में मिला। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआत में महिला ने घटना को दुर्घटना बताते हुए दावा किया कि आग बीड़ी से लगी थी। हालांकि, पुलिस को उसके बयानों में लगातार विरोधाभास मिला। इसके बाद सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार महिला ने पति की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और साक्ष्यों के आधार पर महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की शादी करीब 16 वर्ष पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। पुलिस के अनुसार, महिला ने पूछताछ में बताया कि वह पति की शराब की लत और कथित प्रताड़ना से परेशान थी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फतेहपुर से संदीप केशरवानी की रिपोर्ट
