UP Ka Mausam 21-Dec-2025: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का सितम थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। यहां हाड़ कंपा देने वाली और खून जमा देने वाली सर्दियां पड़ रही हैं। भीषण ठंड के साथ कोहरे ने भी कोहराम मचा रखा है। साथ ही प्रदेश के कई जिलों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है। एक्टिव हुए नए पश्चिमी विक्षोभ से ठंड का असर और बढ़ गया है। प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चलने से लोग कांपते नजर आ रहे हैं। रात तो रात यूपी वासियों को दिन में भी राहत नहीं मिल रही है।
दोपहर के समय खिली धूप में भी लोगों को ठिठुरते हुए देखा जा रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने यूपी में कोहरे और शीतलहर के विभिन्न अलर्ट जारी किए हैं, कहीं रेड तो कहीं ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सिर कवर करने और ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों की लेयर्स पहनने की सलाह दी गई है। ठंड की स्थिति को देखते हुए बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की भी सलाह दी जा रही है। लगातार बढ़ रही ठंड से बचने के लिए सुबह-शाम लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। हीटर जलाकर ठंड से बचने की कोशिश की जा रही है। कोहरे और ठंड के बीच सुबह घर से बाहर निकलने से लोग बचने लगे हैं।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने आज यूपी के विभिन्न जिलों में कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ घना कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। दोपहर तक यदि बादलों छंटते हैं तो धूप खिली रहेगी, लेकिन इससे ठंड पर खास असर नहीं होगा। तापमान में थोड़ा उतार-चढ़ाव देखने को जरूर मिलेगा। बता दें मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों दो से तीन दिनों तक यूपी के तापमान में उतार-चढ़ाव आने की संभावना जताई है। अनुमान लगाया गया है कि इस दौरान कई जिलों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस का बदलाव हो सकता है।
यूपी में कल मौसम का हाल?
उत्तर प्रदेश में शनिवार की सुबह की शुरुआत घने कोहरे और जमा देने वाली सर्दी के साथ हुई थी। हालांकि दिन के समय बादल छंटने से तेज धूप देखने को मिली, जिससे तापमान में डेढ़ डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन इसका ठंड पर कोई असर नहीं पड़ा, क्योंकि दिन के समय भी लोगों को ठिठुरता हुआ देखा गया। हालांकि धूप खिली रहने के कारण शीत दिवस की स्थिति कम रही, लेकिन शीतलहर ने लोगों को ठंड से राहत मिलने नहीं दी।
उत्तर प्रदेश के किन जिलों में जारी कोहरे अलर्ट?
आईएमडी ने यूपी में कोहरे का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। रिपोर्ट के अनुसार, आज कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी और उसके आसपास के इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि बांदा चित्रकूट, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, हरदोई, आजमगढ़, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कासगंज, इटावा, जालौन, हमीरपुर, झांसी, महोबा, ललितपुर, औरैया में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में कोल्ड डे का अलर्ट?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज यूपी की राजधानी लखनऊ के साथ कानपुर नगर, कानपुर देहात, अमेठी, रायबरेली, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, महाराजगंज, कुशीनगर, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, संतकबीर नगर, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, वाराणसी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, संत रविदास नगर, बाराबंकी, उन्नाव और आसपास के इलाकों में आज शीत दिवस यानी कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
