UP News: उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर अवैध लाउडस्पीकर के विरुद्ध चलाये गये राज्यव्यापी अभियान के तहत सोमवार को तेज आवाज वाले 3238 लाउडस्पीकर को सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों से उतारा गया। विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने सोमवार को एक बयान जारी किया जिसमें कहा गया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार लाउडस्पीकर के विरुद्ध 23 नवंबर से 22 दिसंबर तक एक माह का अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में सुबह पांच बजे से शाम सात बजे तक वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई की गयी।
3238 लाउडस्पीकर को हटाया गया
जानकारी के अनुसार सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर कुल 61399 लाउडस्पीकर की जांच की गयी जिसमें 7288 लाउडस्पीकर यंत्रों की आवाज कम कराकर मानक के अनुरूप की गयी। इसके अलावा सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर लगाए गए तेज आवाज वाले 3238 लाउडस्पीकर को हटाया गया।
अधिकारी ने कहा गया कि कई पुलिस टीम द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन कर रहे लोगों को सचेत किया गया। पुलिस ने आवाज तथा लाउडस्पीकर की संख्या मानक के अनुसार नहीं रखने पर लोगों को नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
योगी सरकार चला रही महाअभियान
पिछले वर्ष अप्रैल माह में राज्य सरकार ने अभियान चलाकर धर्म स्थलों से लाउडस्पीकर उतारने की कार्रवाई बड़े पैमाने पर शुरू की थी। इस अभियान के बाद सात मई को झांसी मंडल की एक समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि राज्य में अब तक एक लाख से अधिक लाउडस्पीकर उतारे गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि यह सुनिश्चित किया जाए कि उतारे गए लाउडस्पीकर को दोबारा नहीं लगाया जाए।
