यूपी में आज का मौसम (30 March 2026): उत्तर प्रदेश में मौसम का उलटफेर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने आज यूपी के दोनों हिस्सों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में रुक-रुककर बारिश का दौर बना हुआ है। जिसके चलते गर्मी जोर नहीं पकड़ रही है। ऐसे में मौसम सुहावना बना हुआ है और तापमान भी तेजी से ऊपर नहीं चढ़ रहा है, जबकि मार्च की शुरुआत में ही तेज गर्मी पड़ने लगी थी। लेकिन अब महीने के आखिरी में मौसम पूरी तरह से बदल चुका है। बारिश के कारण सुबह-शाम मौसम में ठंडक बनी हुई है। अप्रैल की शुरुआत में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
यूपी में आज कैसा मौसम रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है। जिसकी स्पीड 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं वेस्ट यूपी में हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। सोमवार को मुजफ्फरनगर, मेरठ, सहारनपुर, शामली और बागपत जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर तेज हवाएं आंधी का भी रूप ले सकती है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
यूपी में कहां होगी बारिश-कहां रहेगा सूखा मौसम
लखनऊ, कानपुर, हरदोई, उन्नाव जैसे मध्य यूपी के जिलों में आज बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। दिन में धूप और बादलों के बीच आंखमिचौली का खेल भी देखने को मिल सकता है। वहीं कुछ क्षेत्रों में छिटपुट बूंदाबांदी भी हो सकती है। जिसके प्रभाव से मौरसम में ठंडक घुल सकती है। वहीं पूर्वी यूपी के वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, देवरिया, आजमगढ़ जैसे जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, बांदा जैसे बुंदेलखंड क्षेत्र में मौसम साफ रहने की संभावना है। जिसके कारण दिन में तेज धूप भी निकल सकती है। ऐसे में यहां तापमान में इजाफा देखने को मिल सकता है।
यूपी में अगले 5 दिन मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार 1 अप्रैल को पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। लेकिन कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस अवधि में वेस्ट यूपी मौसम साफ रहने का अनुमान है। अगले 2 दिन यानी 3 अप्रैल तक राज्य में मौसम शुष्क ही बना रह सकता है। जिसके बाद फिर से बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है। पश्चिमी यूपी में 3 और 4 अप्रैल को गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश होने का पूर्वानुमान है। वहीं पूर्वी हिस्से में मौसम साफ बने रहने की संभावना है। तापमान की बात करें तो अगले 1-2 दिनों में इसमें 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होगी। जिसके बाद फिर अगले दो दिन 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
