शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (19 May 2026) UP Weather Today: यूपी में दिन-रात गर्मी का तांडव, 47 डिग्री पार पहुंचा तापमान; इन शहरों में लू और वार्म नाइट का अलर्ट

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 19 May 2026: यूपी में भीषण गर्मी और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया है। प्रदेश में दिन का तापमान 47 डिग्री पार पहुंच गया है। बांदा लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर दर्ज हुआ जहां तापमान 47.6°C दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने आज 39 जिलों में हीटवेव और 13 जिलों में वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी किया है।

Image

UP Weather (5)

यूपी में आज का मौसम (19 May 2026): उत्तर प्रदेश में इन दिनों भयंकर गर्मी पड़ रही है, जिससे लोगों का बुरा हाल है। दिन के समय सूरज की तपिश और लू के थपेड़े लोगों को घरों में कैद होने को मजबूर कर रहे हैं। जिससे दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। प्रदेश में तापमान भी लगातार ऊपर चढ़ रहा है। जिससे लोगों के स्वास्थ्य और दैनिक गतिविधियों पर भी प्रभाव साफ दिखाई दे रहा है। यूपी का बांदा लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर दर्ज हुआ। यहां का तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 27 अप्रैल को भी बांदा में इतना ही अधिकतम पारा दर्ज हुआ था। मौसम विभाग ने आज यूपी के 39 जिलों में हीटवेव (Heat Wave) को लेकर अलर्ट जारी किया है। रात के समय भी गर्मी सताने वाली है। 13 जिलों में उष्ण रात्रि (Warm Night) का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और जरूरी न होने पर घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

यूपी के किन जिलों में लू का अलर्ट

यूपी में आज प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, भदोही, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, आगरा, जालौन, हमीरपुर, फिरोजाबाद, इटावा, औरेया, महोबा, झांसी और आसपास के इलाकों में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं वॉर्म नाइट यानी उष्ण रात्रि को लेकर गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, शामली, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ, हापुड़, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा और फिरोजाबाद में चेतावनी जारी की गई है।

लखनऊ में 19 मई को कैसा मौसम रहेगा

लखनऊ में आज मौसम शुष्क रहेगा और दिनभर चिलचिलाती धूप परेशान करेगी। साथ ही गर्म हवाओं के कारण लू की स्थिति महसूस होगी। मौसम विभाग ने आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। यूपी में आने वाले 3-4 दिनों में दिन का तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है, अगर ऐसा होता है तो मई के महीने में 31 साल का रिकॉर्ड टूट जाएगा।

यूपी में अगले 5 दिन मौसम का हाल

मौसम विभाग ने यूपी में अगले 5 दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकांश जिलों में लू का प्रकोप देखने को मिलेगा। IMD ने 24 मई तक पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिन के समय भीषण गर्मी के चलते तापमान 45 डिग्री के पार दर्ज हो सकता है। वहीं रात में भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 21 से 24 मई के दौरान पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। लेकिन इससे गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं है।

यूपी में सबसे गर्म शहर

यूपी में तापमान में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री तक पारा ऊपर चढ़ सकता है। सोमवार को बांदा यूपी का सबसे गर्म शहर रहा, जिसके बाद प्रयागराज और झांसी सबसे गर्म रहे। यहां अधिकतम तापमान क्रमश: 46.8 डिग्री और 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चौथे नंबर पर हमीरपुर 45.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ रहा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article