शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (18 May2026) UP Weather Today: यूपी में आसमान से बरस रही आग! बांदा समेत गर्मी से तपे कई शहर; आज 33 जिलों में लू का अलर्ट

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 18 May2026: यूपी में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को बांदा 46.4 डिग्री तापमान के साथ यूपी ही नहीं, देश का सबसे गर्म शहर रहा।

Image

UP Weather

यूपी में आज का मौसम (18 May2026): उत्तर प्रदेश में भयंकर गर्मी पड़ रही है। कई जिले तो भट्टी की तरह तप रहे हैं। रविवार को यूपी का सबसे गर्म जिला एक बार फिर बांदा रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बांदा, देश का भी सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा झांसी और प्रयागराज में भी तापमान आसमान छू रहा है। यूपी में खासतौर से बुंदलेखंड समेत दक्षिणी जिलों में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। कई जिले लू की चपेट में भी है। मौसम विभाग ने आज भी 33 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

यूपी के किन जिलों में लू का अलर्ट

प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सुल्तानपुर, आगरा, इटावा, औरैया, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, जालोन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर।

यूपी में 18 मई को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में दिनभर मौसम शुष्क रहेगा। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को भीषण गर्मी का एहसास कराएंगी। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी लोगों को बेहाल करेगी। तेज गर्मी के कारण दिन के समय लोगों को बेवजह घर से बाहर न निकलने और लगातार पानी पीते रहने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यूपी में फिलहाल मौसम शुष्क ही बना रहने वाला है। आगामी कुछ दिनों में तापमान में भी लगातार बढ़ोत्तरी की संभावना है।

यूपी में अभी और सताएगी गर्मी

यूपी में आने वाले दिनों में लोगों को और तीखी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने 19 से 23 मई तक यूपी के अधिकांश हिस्से में तेज लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि 20 मई से पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है। लेकिन इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री का इजाफा दर्ज किया जा सकता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article