यूपी में आज का मौसम (13 May 2026): उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यूपी के मौसम ने फिर से करवट बदली है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, कहीं-कहीं पर आंधी भी चली। बढ़ती गर्मी के बीच हुई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। वहीं दूसरी ओर बुंदेलखंड समेत कई इलाकों में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। कई जगहों पर लू जैसी स्थिति भी देखने को मिली। पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे गर्म जिला बांदा रहा, जहां का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
यूपी में आज 11 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आज यूपी के 11 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। खासतौर पर तराई इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। जिसकी रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। यूपी में आज बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने यूपी में अगले 2 दिन आंधी-बारिश की संभावना जताई है।
यूपी में कहीं बारिश कहीं लू
यूपी में मंगलवार को बरेली, सहारनपुर, बिजनौर और मुरादाबाद में मूसलाधार बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक मुरादाबाद में 12.8 मिमी और बरेली में 11.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं आगरा, पीलीभीत, शाहजहांपुर और सहारनपुर में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली, साथ ही बारिश भी दर्ज की गई। एक ओर बारिश तो दूसरी ओर गर्मी का तांड़व देखने को मिला। प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर और वाराणसी में मंगलवार को 40 डिग्री पार तापमान पहुंच गया।
